IPL 2026 से पहले ‘घायल धुरंधरों’ की प्लेइंग XI तैयार, हर खिलाड़ी अकेले पलट सकता है मैच; देखें लिस्ट
IPL Injury Tracker: क्रिकेट के महाकुंभ यानी आईपीएल शुरू होने में सिर्फ 1 हफ्ते का समय बचा है. 28 मार्च से आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत हो जाएगी. इस सीजन के शुरू होने से पहले ही कई टीमों को बड़ा झटका लगा है. दरअसल, कई टीमों के स्टार खिलाड़ी चोटिल होने की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जबकि कई प्लेयर्स देरी से टीम से जुड़ेंगे. ऐसे में टीमों को अपनी शुरुआती मुकाबलों में कॉम्बिनेशन में बदलाव करना पड़ सकता है. वहीं, अगर सभी चोटिल खिलाड़ियों पर नजर डालें, तो IPL 2026 शुरू होने से पहले इंजर्ड प्लेयर्स की प्लेइंग-11 तैयार हो गई है. देखें चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट और उनकी वापसी की संभावना…
हर्षित राणा
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के तेज गेंदबाज हर्षित राणा IPL 2026 से पूरी तरह बाहर हो गए हैं. टी20 वर्ल्ड कप से पहले एक प्रैक्टिस मैच के दौरान हर्षित राणा को चोट लगी थी, जिसके बाद उनकी सर्जरी हुई थी. वह अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं.
पैट कमिंस
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस लंबे समय से पीठ की चोट से जूझ रहे हैं. उन्होंने पिछले आईपीएल के बाद से अभी तक एक भी व्हाइट बॉल मैच नहीं खेला है. पैट कमिंस आईपीएल 2026 के शुरुआती कुछ मुकाबलों से बाहर हो गए हैं. ऐसे में SRH ने ईशान किशन को कप्तान बनाया है, जबकि अभिषेक शर्मा को उप-कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है.
नाथन एलिस
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के स्टार तेज गेंदबाज नाथन एलिस भी हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. ऐसे में नए सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किल बढ़ गई हैं. नाथन एलिस सीएसके के तेज गेंदबाजी अटैक के अहम खिलाड़ी हैं.
जैक एडवर्ड्स
सनराइजर्स हैदराबाद के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स भी आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं. वह इस साल आईपीएल में अपना डेब्यू करने वाले थे, लेकिन पैर की चोट के कारण टूर्नामेंट से ही बाहर हो गए हैं. इससे सनराइजर्स हैदराबाद के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं.
जोश हेजलवुड
डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सबसे अहम गेंदबाज जोश हेजलवुड आईपीएल के शुरुआत कुछ मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. जोश हेजलवुड पिछले 4 महीनों से चोट से जूझ रहे हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, हेजलवुड टूर्नामेंट के बीच में टीम से जुड़ेंगे. पिछले साल आरसीबी को चैंपियन बनाने में जोश हेजलवुड की अहम भूमिका रही थी.
सैम करन
इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन ग्रोइन इंजरी के चलते आईपीएल 2026 से पूरी तरह बाहर हो गए हैं. इससे राजस्थान रॉयल्स की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पिछले साल ही राजस्थान रॉयल्स ने ट्रेड के जरिए सैम करन को अपनी टीम में शामिल किया था.
मथीशा पथिराना
श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना भी आईपीएल के शुरुआती मैचों से बाहर हो सकते हैं. चोट की वजह से पथिराना टी20 वर्ल्ड कप भी नहीं खेल पाए थे. हालांकि कोलकाता नाइट राइडर्स को उम्मीद है कि मथीशा पथिराना आईपीएल शुरू होने से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे.
मैथ्यू शॉर्ट
चेन्नई सुपर किंग्स के अनुभवी ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट भी अंगूठे में फ्रैक्चर होने के कारण आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं. ऐसे में सीएसके के सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है.
वानिंदु हसरंगा
लखनऊ सुपर जायंट्स के अनुभवी ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा भी हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे हैं. टी20 वर्ल्ड कप के दौरान उन्हें चोट लगी थी, लेकिन वह अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं. हालांकि वह आईपीएल 2026 में खेलते नजर आएंगे, लेकिन उनकी वापसी की तारीख तय नहीं है.
अथर्व अंकोलेकर
मुंबई इंडियंस के युवा खिलाड़ी अथर्व अंकोलेकर चोटिल होने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. हाल ही में अथर्व अंकोलेकर के घुटने की सर्जरी हुई है, जिसके बाद वो रिकवर कर रहे हैं. मुंबई इंडियंस की टीम ने अथर्व अंकोलेकर को आईपीएल 2026 के ऑक्शन में 30 लाख रुपये में खरीदा था.
ईशान मलिंगा
श्रीलंका के तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा कंधे की चोट के कारण आईपीएल 2026 से पूरी तरह बाहर हो सकते हैं. फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मैच के दौरान ईशान मलिंगा को चोट लगी थी. हालांकि अभी आईपीएल में उनके खेलने पर सस्पेंस बरकरार है.