2008 में कौड़ियों की भाव बिकी थीं IPL टीमें! MI सबसे महंगी, तो सस्ती राजस्थान रॉयल्स; क्या थी RCB की कीमत?
IPL Teams Price In 2008: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है. IPL की ब्रांड वैल्यू हर साल कई गुना बढ़ती जा रही है. हाल ही में दो टीमों की ऐतिहासिक ट्रेड डील ने एक बार फिर इस बात को साबित कर दिया है. IPL के 19वें सीजन के शुरू होने से पहले 2 टीमों की नीलामी हुई. IPL 2025 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 1.78 बिलियन डॉलर (करीब 16,660 करोड़ रुपये) में खरीदा गया. वहीं, राजस्थान रॉयल्स का सौदा 1.63 बिलियन डॉलर (करीब 15,290 करोड़ रुपये) में किया गया. इस बीच सवाल उठा कि आज से 18 साल पहले इन टीमों की कीमत कितनी रही होगी, जो आज इनकी वैल्यू अरबों में पहुंच गई है. ऐसे में आइए जानते हैं कि साल 2008 में सभी IPL टीमों की कीमत कितनी थी.
मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की टीम IPL 2008 की सबसे महंगी टीम बनी थी. 24 मार्च 2008 को हुई नीलामी में मुंबई इंडियंस को मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने खरीदा था. उस समय मुंबई इंडियंस की कीमत 111.90 मिलियन डॉलर थी.
चेन्नई सुपर किंग्स
साल 2008 में इंडिया सीमेंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को नीलामी में खरीदा था. उस समय CSK को 91 मिलियन डॉलर में खरीदा गया था. मौजूदा समय में CSK की ब्रांड वैल्यू अरबों में पहुंच चुकी है.
दिल्ली डेयरडेविल्स
जीएमआर ग्रुप ने दिल्ली डेयरडेविल्स (Delhi Daredevils) को साल 2008 की नीलामी में खरीदा था. उस समय दिल्ली डेयरडेविल्स की नीलामी 84 मिलियन डॉलर में हुई थी. मौजूदा समय में इस टीम का दिल्ली कैपिटल्स कर दिया गया है.
डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद
साल 2008 की नीलामी में डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद पर 107 मिलियन डॉलर की बोली लगाई गई थी. डेक्कन क्रॉनिकल होल्डिंग्स ने इस टीम को खरीदा था. फिर साल 2012 में सन टीवी नेटवर्क (कलानिधि मारन) ने इस टीम को खरीदकर इसका नाम 'सनराइजर्स हैदराबाद' कर दिया.
कोलकाता नाइट राइडर्स
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को शाहरुख खान की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मेहता ग्रुप ने 75.09 मिलियन डॉलर में खरीदा था. मौजूदा समय में KKR की वैल्यूएशन अरबों में पहुंच चुकी है, क्योंकि ये टीम 3 बार की चैंपियन है.
किंग्स इलेवन पंजाब
साल 2008 में किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) पर 76 मिलियन डॉलर की बोली लगाई गई थी. इस टीम को प्रीति जिंटा, नेस वाडिया, करण पॉल और मोहित बर्मन के कंसोर्टियम ने खरीदा था. हालांकि अभी इस टीम का नाम पंजाब किंग्स (PK) कर दिया गया है.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को साल 2008 में 111.60 मिलियन डॉलर में खरीदा गया था. विजय माल्या की यूनाइटेड ब्रुअरीज ग्रुप ने RCB को खरीदा था. अब 2026 में इस टीम को 1.78 बिलियन डॉलर में बेचा गया है.
राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान रॉयल्स (RR) को साल 2008 में सिर्फ 67 मिलियन डॉलर में खरीदा गया था, जो उस समय की सबसे सस्ती टीम थी. इस टीम को इमर्जिंग मीडिया के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने खरीदा था. अब 2026 में इस टीम को 1.63 बिलियन डॉलर में खरीदा गया है.