क्या बड़े पर्दे पर मधुबाला बनेंगी अनीत पड्डा? ‘सैयारा गर्ल’ को लेकर हुआ बड़ा खुलासा, जानिए क्या है सच्चाई
Aneet Padda: ‘सैयारा’ फेम एक्ट्रेस अनीत पड्डा इन दिनों चर्चा में हैं. कहा जा रहा है कि आगामी फिल्म में वह मधुबाला की भूमिका में नजर आएंगी. हालांकि, इसे लेकर यशराज फिल्म्स की तरफ से प्रतिक्रिया भी आई है. चलिए जानते हैं अभिनेत्री अनीत पड्डा के बारे में सबकुछ.
क्यों चर्चा में हैं अनीत पड्डा?
बीते दिन सोशल मीडिया पर चर्चा चली कि अभिनेत्री अनीत पड्डा आगामी बायोपिक में स्क्रीन आइकन मधुबाला की भूमिका निभाने जा रही हैं. इस बात को लेकर लोग उत्साहित हो गए और मधुबाला और अनीत पड्डा की तुलना करने लगे. आपको बता दें पहले मधुबाला के रोल के लिए कियारा आडवाणी का नाम सुर्खियों में था.
क्या है सच?
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, जब यश राज फिल्म्स से संपर्क किया गया, तो बैनर के एक प्रवक्ता ने कहा कि ये खबर सच नहीं है. हालांकि, अभी तक अनीत पड्डा की तरफ से इस पर कोई बयान नहीं आया है.
कौन हैं अनीत पड्डा?
अनीत पड्डा का जन्म अक्टूबर 2002 में अमृतसर में हुआ था. वह एक साधारण परिवार से आती हैं और बचपन से ही उन्हें अभिनय का शौक था. अपने इसी जुनून को पूरा करने के लिए वह बाद में मुंबई पहुंचीं, जहां उन्होंने टेलीविजन विज्ञापनों के जरिए अपने करियर की शुरुआत की.
कब किया बॉलीवुड में डेब्यू?
अनीत पड्डा ने साल 2022 में रेवती द्वारा निर्देशित और काजोल अभिनीत फिल्म 'सलाम वेंकी' से बॉलीवुड में डेब्यू किया. इस फिल्म में उनका रोल बहुत छोटा था. इसके बाद उन्होंने 2024 में एक वेब सीरीज 'बिग गर्ल्स डोंट क्राई' में काम किया, जिसमें उन्होंने रूही आहूजा की भूमिका निभाई.
पहली बड़ी सफलता
साल 2025 में मोहित सूरी के निर्देशन में सैयारा फिल्म रिलीज हुई. इसमें अनीत पड्डा ने पहली बार मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाई. एक्ट्रेस ने फिल्म में अल्जाइमर से पीड़ित लड़की का किरदार निभाया था.
सैयारा ने रातों-रात बनाया स्टार
इस फिल्म में अनीत पड्डा के साथ अहान पांडे मुख्य भूमिका में थे. इस फिल्म को कई अवॉर्ड मिले. रातों-रात अभिनेत्री नेशनल क्रश बन गईं.
अनीत पड्डा की आगामी फिल्म
अनीत पड्डा की आगामी फिल्म 'शक्ति शालिनी' है, जिसमें वह मुख्य भूमिका निभाएंगी. यह फिल्म दिनेश विजन के मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स (MHCU) का हिस्सा है. यह फिल्म 24 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
बन चुकी हैं सोशल मीडिया स्टार
अनीत पड्डा इन दिनों सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं. फैंस उनकी एक झलक पाने को बेताब रहते हैं. आपको बता दें कि एक्ट्रेस के इंस्टाग्राम पर 4 मिलियन फॉलोअर्स हैं.