होटल में मुलाकात, फिर नंबर किया एक्सचेंज… इवेंट मैनेजर के प्यार में कैसे ‘क्लीन बोल्ड’ हुआ ‘Yorker King’, पढ़ें पूरी लव स्टोरी
Lasith Malinga and Tanya Love Story: श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा अपनी खतरनाक यॉर्कर के लिए जाने जाते हैं. मलिंगा को क्रिकेट जगत में ‘यॉर्कर किंग’ के नाम से भी जाना जाता है. लसिथ मलिंगा ने अपनी धारदार यॉर्कर से दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों के स्टंप्स उड़ाए हैं. हालांकि वे खुद एक इवेंट मैनेजर के प्यार में क्लीन बोल्ड हो गए थे. लसिथ मलिंगा ने तान्या परेरा से शादी की है, जो एक इवेंट मैनेजर के तौर पर काम करती थीं. लसिथ मलिंगा की लव स्टोरी दुनिया के अन्य क्रिकेटरों से काफी अलग है. मलिंगा ने तान्या से शादी करने के लिए उनके पिता को कड़ी मशक्कत से राजी किया था. पढ़ें लसिथ मलिंगा और तान्या की दिलचस्प लव स्टोरी…
होटल में हुई थी पहली मुलाकात
लसिथ मलिंगा और तान्या परेरा की पहली मुलाकात एक होटल में हुई थी. मलिंगा एक विज्ञापन की शूटिंग के लिए होटल में गए थे, जहां पर तान्या परेरा इवेंट मैनेजर के तौर पर मौजूद थीं. वहीं से उन दोनों की बात शुरु हुई. इसके बाद वे दोनों एक बार फिर गॉल (Galle) के होटल में मिले, जहां पर एक-दूसरे का नंबर लिया और फिर बातों का सिलसिला शुरू हुआ.
मलिंगा को पहली नजर में हुआ प्यार
लसिथ मलिंगा की वाइफ तान्या परेरा ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि उन्हें क्रिकेट बिल्कुल दिलचस्पी नहीं थी. उन दोनों की मुलाकात एक होटल में हुई थी. तान्या ने बताया कि मलिंगा पहली ही मुलाकात में अपना दिल खो बैठे थे. लसिथ मलिंगा क्रिकेट खेलने के लिए टूर पर जाया करते थे, लेकिन फिर भी तान्या से लगातार बातें करते रहते थे. इसी दौरान उन दोनों ने एक-दूसरे से प्यार का इजहार किया, जिसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया.
मलिंगा ने किया था शादी के लिए प्रपोज
मलिंगा ने बातचीत के दौरान ही तान्या को शादी के लिए प्रपोज किया, लेकिन तान्या ने कहा कि वह अपने पिता से पूछकर बताएंगी. फिर तान्या ने मलिंगा और अपने पिता की मुलाकात करवाई। मुलाकात के दौरान तान्या के पिता को मलिंगा पसंद आए, जिसके बाद वे शादी के लिए राजी हो गए.
कब हुई शादी?
तान्या के पिता ने उन दोनों की शादी के लिए मंजूरी दे दी. फिर मलिंगा और तान्या ने 22 जनवरी, 2010 को शादी रचाई. फिलहाल वे दोनों खुशी-खुशी अपनी जिंदगी बिता रहे हैं. मलिंगा और तान्या दो बच्चों के माता-पिता हैं.
कौन हैं तान्या परेरा?
तान्या परेरा एक कोरियोग्राफर और डांसर के रूप में जानी जाती हैं. इसके अलावा उन्होंने मॉडल के तौर भी काम किया है. तान्या परेरा कई विज्ञापनों में भी नजर आ चुकी हैं.
लसिथ मलिंगा का करियर
श्रीलंकाई दिग्गज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने 2021 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट का एलान किया. उन्होंने श्रीलंका की ओर से खेलते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 546 विकेट चटकाए हैं. लसिथ मलिंगा दुनिया के इकलौते गेंदबाज हैं, जिसने इंटरनेशनल क्रिकेट में 5 बार हैट्रिक लेने का कारनामा किया है. उन्होंने साल 2014 में श्रीलंका की कप्तानी करते हुए टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाई थी.