वेतन बढ़ोतरी समेत इन मांगों के लिए हड़ताल कर रहे श्रमिक, उग्र हुआ प्रदर्शन, हिरासत में 22 लोग
Noida Workers Protest: नोएडा के फेज 2 इलाके में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारी 3 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं. यहां पर तीसरे दिन प्रदर्शनकारी काफी उग्र हो गया. नोएडा में फैक्ट्री कर्मचारियों के हिंसक प्रदर्शन का दायरा बढ़ रहा है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक इलाकों में पुलिस अलर्ट, कानून व्यवस्था के मद्देनजर आसपास के जिलों से सैकड़ों पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं. प्रदर्शनकारियों ने आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ किया. इसके कारण पूरे इलाके में हंगामा हो गया. कर्मचारियों के हंगामे और आगजनी के मामले में पुलिस ने 22 लोगों को हिरासत में लेकर जिला जेल भेजा.
पूरे नोएडा में प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी
बता दें कि फेज-2 और सेक्टर 62 के आसपास के इलाके में तीन दिन से श्रमिक प्रदर्शन कर रहे हैं. दो दिनों तक शांतिपूर्वक प्रदर्शन चला, लेकिन तीसरे दिन प्रदर्शनकारी उग्र हो गए. सुबह के समय फेज-2, सेक्टर 62, 60 और 84 के आसपास बड़ी संख्या में फैक्ट्री कर्मचारी इकट्ठे हुए. वे वेतन में बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी शुरू कर सड़कों पर उतर आए.
कर्मचारियों ने की आगजनी और पथराव
शांतिपूर्ण प्रदर्शन उग्र हो गया और कुछ प्रदर्शनकारियों ने वाहनों को आग लगा दी और जमकर पथराव किया. उन्होंने सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया. इसके अलावा कुछ कंपनियों में भी आगजनी की खबर है. इससे आसपास अफरातफरी मच गई.
पुलिस बल तैनात
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस ने कुछ लोगों पर लाठीचार्ज किया और 22 लोगों को हिरासत में ले लिया. इसमें महिलाएं भी शामिल हैं.
सुबह से वाहनों की आवाजाही बंद
सुबह के समय पुलिस और प्रशासन ने इस प्रदर्शन को देखते हुए वाहनों की आवाजाही बंद कर दी. हर तरफ बैरिकेड्स लगाकर ऑटो, बस, बाइक समेत तमाम वाहनों को रोक दिया गया.
बैरिकेडिंग और वाहनों की जांच
पुलिस टीमों ने जगह-जगह पर बैरिकेडिंग की. साथ ही वाहनों की सघन जांच भी की जा रही है, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व इस प्रदर्शन का फायदा न उठा सके. पुलिस और प्रशासन अफवाहों से बचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहे हैं.
सरकार ने कमेटी गठित की
सरकार ने इस प्रदर्शन को लेकर संज्ञान ले लिया है. कर्मचारियों की मांग को लेकर सरकार ने कमेटी गठित कर दी है. अब ये कमेटी कर्मचारियों की मांग और नुकसान को लेकर जांच करेगी.
क्या है प्रदर्शनकारियों की मांग?
बता दें कि प्रदर्शनकारी लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. प्रशासन ने हाल ही में दोगुना ओवरटाइम भुगतान और समय पर सैलेरी देने साप्ताहिक छुट्टी देने की बात कही थी. इस पर प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कंपनी ओवरटाइम लगाती नहीं है.