MS धोनी से लेकर रोहित शर्मा तक… ये हैं IPL इतिहास के सबसे सफल कप्तान, देखें लिस्ट
Most Successful IPL Captain: क्रिकेट का महाकुंभ यानी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. इस सीजन में कई टीमें अलग-अलग कप्तानों के साथ खेलती नजर आएंगी. सभी कप्तान अपनी-अपनी टीमों को चैंपियन बनाने के लिए जंग करेंगे. एमएस धोनी और रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान माने जाते हैं. हालांकि ये दोनों दिग्गज इस बार आईपीएल मं कप्तानी करते नजर नहीं आएंगे. बता दें कि रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को 5 बार आईपीएल चैंपियन बनाया है. वहीं, एमएस धोनी ने भी अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 बार ट्रॉफी जिताई है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों की लिस्ट…
एमएस धोनी
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान माने जाते हैं. धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स 5 बार चैंपियन बन चुकी है. धोनी ने चेन्नई के अलावा राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स की भी कप्तानी की है. उन्होंने आईपीएल में कुल 235 मैचों में टीम की कमान संभाली है. इसमें से 136 मैचों में उनकी टीम को जीत मिली है, जबकि 97 मुकाबलों में हार मिली है. कप्तान के तौर पर धोनी की जीत का प्रतिशत 57.87 है.
रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने भी अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को 5 बार आईपीएल चैंपियन बनाया है. रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 158 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 87 मैचों में जीत मिली है, जबकि 67 में हार का सामना किया है. रोहित शर्मा की कप्तानी का जीत प्रतिशत 55.06 है.
गौतम गंभीर
गौतम गंभीर आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे सफल कप्तान माने जाते हैं. गंभीर की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2 बार आईपीएल की ट्रॉफी उठाई. गंभीर ने आईपीएल में कुल 129 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 71 मैच जीते हैं, जबकि 57 में हार मिली है. कप्तान के तौर पर गंभीर का जीत प्रतिशत 55.03 रहा है.
श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर ने अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स को एक बार चैंपियन बनाया है. अय्यर ने अभी तक आईपीएल में कुल 87 मुकाबलों में कप्तानी की है, जिसमें 48 मैच जीते हैं. वहीं, 35 मैचों में हार मिली है. कप्तान के तौर पर अय्यर की जीत का प्रतिशत 55.17 है.
डेविड वॉर्नर
ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी की है. वॉर्नर की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम एक बार चैंपियन बन चुकी है. वॉर्नर ने आईपीएल में कुल 83 मैचों में कप्तानी की है, जिनमें 40 मुकाबले जीते हैं. वहीं, 41 मैचों में हार मिली है.
हार्दिक पांड्या
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं. पांड्या की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने अपने पहले ही सीजन में ट्रॉफी हासिल कर ली थी. हार्दिक पांड्या ने अभी तक आईपीएल में कुल 60 मैचों में कप्तानी की है. इसमें से 35 मैचों में टीम को जीत मिली है, जबकि 25 मुकाबलों में हार का सामना किया है. हार्दिक की जीत का प्रतिशत 58.33 है.
शेन वॉर्न
शेन वॉर्न आईपीएल इतिहास के पहले सीजन में ट्रॉफी हासिल करने वाले कप्तान हैं. उन्होंने साल 2008 में राजस्थान रॉयल्स को ट्रॉफी दिलाई थी. शेन वॉर्न ने कुल 55 मैचों में कप्तानी की है. इसमें से 30 मैचों में जीत मिली है, जबकि 24 में हार का सामना किया है. शेन वॉर्न का बतौर कप्तान जीत का प्रतिशत 54.54 है.
एडम गिलक्रिस्ट
एडम गिलक्रिस्ट ने अपनी कप्तानी में एक बार आईपीएल की ट्रॉफी उठाई है. उन्होंने साल 2009 में डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद को चैंपियन बनाया था. गिलक्रिस्ट ने आईपीएल में कुल 74 मैचों में कप्तानी की, जिसमें 35 मैचों में जीत हासिल की. वहीं, 39 मैचों में हार का सामना किया. एडम गिलक्रिस्ट का बतौर कप्तान जीत प्रतिशत 47.29 है.