चहल-अश्विन से लेकर बुमराह-भुवनेश्वर तक… ये गेंदबाज IPL में बरपा चुके कहर, किसने झटके सबसे ज्यादा विकेट?
Most Wickets in IPL: क्रिकेट का महाकुंभ यानी आईपीएल के नए सीजन की शुरुआत मार्च के अंत से होने जा रहा है. 28 मार्च को IPL 2026 का पहला मुकाबला खेला जाएगा, जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा. यह आईपीएल का 19वां सीजन होने वाला है. अभी तक इस लीग में कुल 18 सीजन खेले जा चुके हैं, लेकिन अभी तक सिर्फ 1 ही खिलाड़ी 200 से ज्यादा विकेट हासिल किए हैं. यह कारनामा स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने किया है. उनके अलावा कोई भी अन्य गेंदबाज 200 का आंकड़ा नहीं छू पाया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज कौन हैं. देखें पूरी लिस्ट…
युजवेंद्र चहल
भारत के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. चहल ने आईपीएल में अभी तक कुल 174 मैच खेले हैं, जिसमें 7.96 की इकॉनमी से 221 विकेट चटकाए हैं. युजवेंद्र चहल ने साल 2022 में पर्पल कैप भी जीता था. वह आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे.
भुवनेश्वर कुमार
भारत के स्टार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं. उन्होंने आईपीएल में कुल 190 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान भुवनेश्वर कुमार 7.69 की इकॉनमी से 198 विकेट हासिल किए हैं. इस दौरान भुवनेश्वर कुमार ने 2 बार पर्पल कैप भी जीता है.
सुनील नरेन
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने वाले सुनील नरेन इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आते हैं. सुनील नरेन ने 189 मैचों में 6.79 की इकॉनमी से 192 विकेट चटकाए हैं. सुनील नरेन केकेआर के सबसे सफल गेंदबाज हैं.
पीयूष चावला
स्टार स्पिनर पीयूष चावला ने अभी तक आईपीएल इतिहास में कई अलग-अलग टीमों के लिए कुल 192 मैच खेले हैं. इस दौरान पीयूष चावला ने 7.96 की इकॉनमी से 192 विकेट हासिल किए हैं.
रविचंद्रन अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल में 221 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान अश्विन ने 187 बल्लेबाजों को शिकार बनाया है. अश्विन की इकॉनमी 7.20 की रही है. बता दें कि रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल से भी रिटायरमेंट ले लिया है.
जसप्रीत बुमराह
मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने सिर्फ 145 मैचों में 183 विकेट अपने नाम किए हैं. उनकी इकॉनमी भी 7.24 की रही है. इस साल भी जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते नजर आएंगे.
ड्वेन ब्रावो
ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने आईपीएल इतिहास में कुल 161 मैच खेले हैं. इस दौरान ब्रावो ने 8.38 की इकॉनमी से 183 विकेट हासिल किए हैं. बता दें कि ड्वेन ब्रावो ने इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल से रिटायरमेंट ले लिया है.
अमित मिश्रा
स्टार स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा इस लिस्ट में 8वें नंबर पर शामिल हैं. उन्होंने 162 मैचों में 7.37 की इकॉनमी से 174 विकेट हासिल किए हैं.