IND vs PAK: ‘अभिषेक शर्मा स्लॉगर हैं…’ महामुकाबले से पहले पाकिस्तानी दिग्गज का विवादित बयान
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले माहौल और गर्म हो गया है. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भारत के स्टार सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. एक शो के दौरान आमिर ने अभिषेक शर्मा को अंधाधुंध बैट चलाने वाला बल्लेबाज बताया.
आमिर ने बताया अंधाधुन बैटर
आमिर ने शो ‘हारना मना है’ में कहा, “मैंने जितना थोड़ा-बहुत उसे देखा है, अगर आप मुझसे ईमानदारी से पूछें तो मुझे लगता है कि वह सिर्फ एक स्लॉगर है. उसे हर गेंद पर जोर से शॉट खेलना पड़ता है. जिस दिन उसका दिन होता है तो ठीक है, वरना उसके फेल होने की संभावना ज्यादा रहती है.
आमिर का बयान
आमिर ने आगे कहा, "वह आठ पारियों में एक बार रन बनाता है. बाकी पारियों में उसके स्कोर 10, 15, 0 और 20 जैसे होते हैं. मुझे नहीं लगता कि वह तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाज है.”
स्विंग गेंद को बेहतर खेलना सीखें
आमिर ने यह भी कहा कि अभिषेक को रोकने का सबसे अच्छा तरीका है उन्हें शरीर पर गेंदबाजी करना. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज के अनुसार, अभिषेक को तभी एक अच्छा बल्लेबाज माना जाएगा जब वह स्विंग होती गेंदों का बेहतर तरीके से सामना करना सीखें.
आमिर ने आगे क्या कहा?
उन्होंने आगे कहा, “वह बस क्रीज पर खड़े रहते हैं और चाहते हैं कि गेंद एक खास क्षेत्र में ही डाली जाए. यह मेरी ईमानदार राय है. मैं यह भी कह रहा हूं कि जिस दिन वह सेट हो जाते हैं, वह बड़ा स्कोर बना सकते हैं और विरोधी टीम को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
अभिषेक का खेल जोखिम भरा
लेकिन उनका खेल काफी जोखिम भरा है. मैं उन्हें तभी एक पूरा बल्लेबाज मानूंगा जब हल्की सी भी स्विंग होती गेंद को वह अच्छे से खेलें और उसी ताकत के साथ शॉट लगाएं.”
बीमारी से जूझ रहे अभिषेक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिषेक शर्मा हल्की बीमारी से भी जूझ रहे हैं, जिससे उनकी उपलब्धता को लेकर भी चर्चा हो रही है. यदि वह फिट रहते हैं, तो यह मुकाबला उनके लिए खुद को साबित करने का बड़ा अवसर होगा.
क्या जवाब देंगे अभिषेक?
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या अभिषेक मैदान पर बल्ले से जवाब देंगे और आलोचनाओं का मुंहतोड़ जवाब देंगे.