प्रियांश आर्य से साईं सुदर्शन तक… GT-PBKS मैच में ये खिलाड़ी मचाएंगे धूम-धड़ाका, ‘सरपंच’ भी लिस्ट में शामिल
GT vs PBKS, IPL 2026: पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुल्लांपुर के यादवेंद्र इंटरनेशनल स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला होने वाला है. यह मुकाबला 31 मार्च की शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा. इस मैच में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच कांटे की टक्कर होगी, क्योंकि दोनों टीमों में एक से बढ़कर स्टार खिलाड़ी शामिल हैं. पंजाब किंग्स की ओर से एक बार फिर ओपनिंग की जिम्मेदारी प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन के कंधों पर होगी, जिन्होंने पिछले सीजन कमाल का प्रदर्शन किया था. वहीं, शुभमन गिल और साईं सुदर्शन ने गुजरात टाइटंस के लिए IPL 2025 में रनों का अंबार लगा दिया था. वहीं, पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी पिछले साल 175 के स्ट्राइक रेट से 600 से ज्यादा रन बनाए थे. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस मुकाबले में किन खिलाड़ियों पर फैंस की नजरें होंगी.
प्रियांश आर्य
पंजाब किंग्स के सलामी युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने IPL 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था. प्रियांश आर्य ने पिछले सीजन 179.24 के स्ट्राइक रेट से 475 रन बनाए थे. इसमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल रहे. इस सीजन प्रियांश आर्य ने 25 छक्के लगाए थे. हालांकि पिछले साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में प्रियांश ने ज्यादा खास नहीं किया, लेकिन वे IPL में रनों का अंबार लगा सकते हैं.
प्रभसिमरन सिंह
पंजाब किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने पिछले सीजन शानदार बल्लेबाजी की थी. उन्होंने IPL 2025 में 160.52 के स्ट्राइक रेट से 549 रन बनाए थे. इस दौरान प्रभसिमरन सिंह ने 30 छक्के लगाए थे. इनमें से उन्होंने 17 छक्के सिर्फ पावरप्ले में लगाए थे. ऐसे में इस साल भी टीम को उनसे काफी उम्मीदें होंगी.
श्रेयस अय्यर
कप्तान श्रेयस अय्यर ने पिछले साल 175 के स्ट्राइक रेट से 600 से ज्यादा रन बनाए थे. इसमें 6 अर्धशतक शामिल रहे. इस सीजन में अय्यर ने कुल 39 छक्के लगाए थे. मिडिल ओवर्स में श्रेयस अय्यर स्पिनर्स के खिलाफ दबदबा बनाए रखते हैं. इस सीजन भी उन्हें पिछले साल की तरह अपनी टीम को लीड करना होगा.
युजवेंद्र चहल
पंजाब किंग्स के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल आईपीएल इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज हैं. वह आईपीएल में 200 से ज्यादा विकेट लेने वाले इकलौते गेंदबाज हैं. चहल ने 174 मैचों में 8 से कम की इकॉनमी से कुल 221 विकेट चटकाए हैं. ऐसे में एक बार फिर फैंस को निगाहें युजवेंद्र चहल की गेंदबाजी पर होंगी.
शुभमन गिल
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने IPL 2025 में 155.87 के स्ट्राइक रेट से 650 रन बनाए थे. इस दौरान उनके बल्ले से कुल 6 अर्धशतक आए थे. अब एक बार फिर शुभमन गिल को अपनी टीम के लिए टॉप ऑर्डर संभालने की जिम्मेदारी होगी.
साईं सुदर्शन
सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन एक बार फिर IPL 2025 की तरह प्रदर्शन करना चाहेंगे. पिछले सीजन साईं सुदर्शन ने 156.17 की स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 759 रन बनाए थे. उन्होंने IPL 2025 में ऑरेंज कैप अपने नाम किया था.
प्रसिद्ध कृष्णा
गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने IPL 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेकर पर्पल कैप जीता था. प्रसिद्ध कृष्णा ने 15 मैचों में 8.27 की इकॉनमी से कुल 25 विकेट अपने नाम किए थे. ऐसे में एक बार फिर नए सीजन में टीम को उनसे काफी उम्मीदें होंगी.
जोस बटलर
जोस बटलर आईपीएल इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. IPL 2026 में जोस बटलर ने गुजरात टाइटंस के लिए 163.03 की स्ट्राइक रेट से 538 रन बनाए थे, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल रहे. हालांकि पिछले कुछ समय से जोस बटलर लय में नहीं दिखाई दे रहे हैं, लेकिन फैंस को उम्मीद है कि वह IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करेंगे.