विदेशी मां की संतान हैं पूजा भट्ट, 17 साल की उम्र में किया डेब्यू; मनीष मखीजा से शादी फिर तलाक, जानिए एक्ट्रेस के बारे में
Pooja Bhatt Birthday: बॉलीवुड में 90 के दशक की जानी-मानी अभिनेत्री पूजा भट्ट, जो मशहूर निर्देशक-निर्माता महेश भट्ट की बेटी हैं. एक्ट्रेस ने 17 साल की उम्र में फिल्मी दुनिया में कदम रखा. इस फिल्म में जबरदस्त भूमिका निभाने के लिए उन्हें बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला. पूजा भट्ट फिल्मों के अलावा अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं. आज 24 फरवरी को एक्ट्रेस अपना 55वां जन्मदिन मना रही हैं. जानिए एक्ट्रेस के बारे में सबकुछ.
पूजा भट्ट का जन्म
पूजा भट्ट का जन्म 24 फरवरी 1972 को मुंबई में हुआ था. उनके पिता फिल्म निर्देशक महेश भट्ट हैं मां का नाम किरण भट्ट हैं.
पूजा भट्ट की मां का असली नाम
आपको बता दें एक्ट्रेस की मां का असली नाम लोरेन ब्राइट है. उनके पिता गुजराती मूल के हैं, जबकि उनकी मांं अंग्रेजी, स्कॉटिश, अर्मेनियाई और बर्मी वंश से संबंध रखती हैं.
17 साल में फिल्मों में डेब्यू
पूजा भट्ट ने 17 साल की उम्र में अपने पिता की डायरेक्ट की हुई फिल्म 'डैडी' से एक्टिंग में डेब्यू किया था. वह अपनी पहली फिल्म में ही परफेक्ट थीं और उन्हें बॉलीवुड की अगली बड़ी हस्ती कहा जाने लगा. इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस डेब्यू का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था.
इन फिल्मों में किया काम
अभिनेत्री पूजा भट्ट ने बाद में 'सड़क', 'दिल है कि मानता नहीं', 'जुनून', 'फिर तेरी कहानी याद आई', 'चाहत', 'तमन्ना', जैसी कई फिल्में कीं. एक्ट्रेस 90 के दशक की सबसे पसंदीदा बॉलीवुड एक्ट्रेस में से एक बन गईं थीं.
इमरान हाशमी से है करीबी संबंध
पूजा भट्ट का परिवार और इमरान हाशमी बेहद करीब हैं. इमरान हाशमी निर्देशक-निर्माता महेश भट्ट और मुकेश भट्ट के भतीजे हैं. इस वजह से वे आलिया भट्ट, पूजा भट्ट के चचेरे भाई हैं.
मनीश मखीजा से की शादी
पूजा भट्ट ने साल 2003 में अपने लंबे समय के प्रेमी रहे मनीष मखीजा से शादी की थी. उनके पति मुनीश, जिन्हें उधम सिंह के नाम से भी जाना जाता है, वो चैनल वी के होस्ट थे.
पूजा भट्ट का हुआ तलाक
शादी के 11 साल बाद पूजा भट्ट और मनीष मखीजा ने तलाक ले लिया था. एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखकर बताया था, 'मैं अपनी शर्तों पर जीवन जीना चाहती हूं और दिखावे के लिए नाटक नहीं करना चाहती. सर्टिफिकेट शादी या रिश्ते नहीं बनाते, जीवन बनाता है. उन सभी को जो परवाह करते हैं और खासकर जो नहीं करते, मैं और मेरे पति मुन्ना ने शादी के 11 शानदार वर्षों के बाद अलग होने का फैसला किया है.'
कई और अफेयर्स भी रहे हैं
पूजा भट्ट का संबंध कई सितारों से रहा है. उनका नाम सुनील दर्शन के साथ भी जुड़ा. इसके अतिरिक्त, उनका संबंध निर्देशक मिलन लुथरिया से भी रहा. इसके अलावा पूजा भट्ट की सगाई अभिनेता रणवीर शौरी से भी हुई थी, लेकिन बाद में दोनों का रिश्ता समाप्त हो गया. समाचारों के अनुसार, आपसी मतभेद और अनुचित व्यवहार के कारण यह संबंध टूट गया.