फिल्मी अंदाज में असली ड्रामा! आखिर एक्स गर्लफ्रेंड के घर के बाहर से राजेश खन्ना ने क्यों निकाली थी अपनी बारात? वजह कर देगी हैरान
Rajesh Khanna: बॉलीवुड की दुनिया में काका नाम से मशहूर दिवंगत अभिनेता राजेश खन्ना अपने जबरदस्त अभिनय के लिए जाने जाते थे. फिल्मों के अलावा एक्टर अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहे थे. आज हम आपको बता रहे हैं राजेश खन्ना का वो किस्सा, जब उन्होंने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड के घर के बाहर से अपनी बारात निकाली थी. चलिए जानते हैं वो मशहूर किस्सा.
संघर्ष के दिनों में हुआ प्यार
स्टारडम मिलने से बहुत पहले राजेश खन्ना को उभरती हुई अभिनेत्री अंजू महेंद्रू से प्यार हो गया था. राजेश और अंजू की पहली मुलाकात तब हुई जब वे थिएटर में साथ काम कर रहे थे और देखते ही देखते दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया.
अंजू महेंद्रू और राजेश खन्ना संघर्ष के साथी
अंजू और राजेश खन्ना दोनों एक ही समय में संघर्ष कर रहे थे. वहीं अंजू ने अभिनेता से पहले कुछ फिल्मों में छोटी भूमिकाएं निभाई थीं, जिनमें देव आनंद की फिल्म 'ज्वेल थीफ' शामिल थी. इसी दौरान राजेश खन्ना ने एक टैलेंट प्रतियोगिता में भाग लिया और जीत हासिल की. इसके बाद वह बड़े मौकों का इंतजार करने लगे.
प्यार से जस्टिन बुलाती थी
दोनों एक-दूसरे के साथ थे और संघर्षों में एक-दूसरे का सहारा बने रहे. चूंकि वे मशहूर होने से पहले से एक-दूसरे को जानते थे, इसलिए अंजू उन्हें प्यार से जस्टिन कहकर बुलाती थीं और राजेश उन्हें निक्की कहकर पुकारते थे.
अंजू मेमसाहब के इशारों पर ही सब होता था
अभिनेता राजेश खन्ना जब मशहूर एक्टर में शुमार हो गए, तो उन्होंने अपना बंगला 'आशीर्वाद' खरीदा था. हालांकि उसमें अंजू उनके साथ रहने नहीं आईं, लेकिन घर में उनकी मौजूदगी हमेशा बनी रहती थी. इतना कि उनके स्टाफ को यकीन हो गया था कि आखिरकार वह उनसे शादी कर लेंगी और उनकी 'मेमसाब' बन जाएंगी. यासर उस्मान की किताब 'राजेश खन्ना: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज फर्स्ट सुपरस्टार' में उनके स्टाफ सदस्य प्रशांत रॉय ने बताया, 'अंजू मेमसाब पूरे बंगले की देखभाल करती थीं. अगर कोई पार्टी या फंक्शन होता था, तो वह उन्हीं की देखरेख में होता था.
एक झगड़े के कारण दूर हुए अंजू और राजेश खन्ना
बताया जाता है कि राजेश खन्ना की मां अंजू महेंद्रू को बिल्कुल पसंद नहीं करती थीं. एक समय ऐसा भी आया जब उनका रिश्ता कभी बनता तो कभी बिगड़ता रहा और बात यहां तक पहुंच गई कि एक झगड़े के चक्कर में अंजू ने क्रिकेटर गैरी सोबर्स से सगाई कर ली.
राजेश खन्ना को डिंपल कपाड़िया से हुआ प्यार
इसी दौरान राजेश खन्ना की जिंदगी में डिंपल कपाड़िया आईं. धीरे-धीरे दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया. आपको बता दें कि डिंपल कपाड़िया उस समय अभिनेता से 15 साल छोटी थी.
जब अंजू के घर से बाहर से निकाली बारात
राजेश खन्ना ने 1973 में डिंपल कपाड़िया से शादी करने का फैसला किया. इस खबर ने सभी को चौंका दिया था. कहा जाता है कि राजेश खन्ना उन दिनों अंजू के साथ अपने असफल रिश्ते से उबर रहे थे. यह दिखाने के लिए उन्होंने अपनी शादी की बारात को अंजू के घर के सामने से गुजरने का आदेश दिया था.
राजेश खन्ना और अंजू महेंद्रू में फिर हुई दोस्ती
राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया का बाद में तलाक हो गया था. बताया जाता है कि अभिनेता और अंजू महेंद्रू की बाद में दोस्ती हो गई थी. हालांकि उन्होंने कभी अपने रोमांटिक रिश्ते को फिर से शुरू नहीं किया.