62 साल, 2500 फिल्में! सुकुमारी का रिकॉर्ड सुनकर रह जाएंगे दंग; जानिए इनकी बेमिसाल कहानी
Sukumari: सुकुमारी, साउथ की ऐसी अभिनेत्री जिन्हें मलयालम और तमिल फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जाना जाता था. उन्होंने पांच दशक से अधिक के अपने करियर के दौरान 2,500 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया था. एक्ट्रेस ने 72 वर्ष की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था.
तमिलनाडु में हुआ था जन्म
सुकुमारी का जन्म 6 अक्टूबर, 1940 को तमिलनाडु में हुआ था. उनके पिता एक बैंक में प्रबंधक थे.
10 वर्ष की उम्र में की फिल्म
सुकुमारी पर एक निर्देशक की नजर तब पड़ी जब वह अपनी चचेरी बहन पद्मिनी के साथ एक फिल्म के सेट पर गईं. इसके बाद उन्होंने महज 10 साल की उम्र में तमिल फिल्म 'ओरे इरावु' में मुख्य भूमिका के साथ अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की.
मलयालम फिल्मों में रखा कदम
मलयालम सिनेमा में उनका प्रवेश भी पूरी तरह से संयोगवश हुआ था. निर्देशक एस.एम. श्रीरामुलु नायडू की फिल्म 'थस्करवीरन' (1957) में, जब कोट्टारक्कारा श्रीधरन नायर की पत्नी की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री नहीं आईं, तो यह भूमिका सुकुमारी को दी गई, जो उस समय फिल्म के नृत्य दल की सदस्य थीं.
डांसर के रूप में भी बनाई पहचान
अभिनेत्री सुकुमारी ने कथकली , भरतनाट्यम , केरल नटनाम जैसे नृत्य रूपों और कई वाद्ययंत्रों में महारत हासिल की थी. महज सात वर्ष की आयु से ही उन्होंने पूरे भारत और अमेरिका, सिंगापुर, मलेशिया, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया आदि सहित दुनिया के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन किया.
38 वर्ष की उम्र में हुई पति की मौत
सुकुमारी ने 1959 में निर्देशक ए. भीमसिंह से शादी की. जब एक्ट्रेस महजा 38 वर्ष की थीं, तभी उनके पति का 1978 में निधन हो गया.
2500 फिल्मों में किया काम
62 वर्षों के अपने शानदार करियर में, उन्होंने मलयालम, तमिल, तेलुगु, हिंदी, सिंहली, फ्रेंच, इतालवी, बंगाली, तुलु, अंग्रेजी और कन्नड़ भाषाओं में 2,500 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया. यह एक रिकॉर्ड भी है.
72 साल में छोड़ दी दुनिया
26 मार्च 2013 को, सुकुमारी की चेन्नई के एक अस्पताल में हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गई.