T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में किन 5 बल्लेबाजों ने ठोके सबसे ज्यादा रन? टॉप पर रोहित-विराट
T20 World Cup: 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने वाला है. इसके लिए भारत समेत अन्य देशों की टीमें जमकर तैयारियां कर रही हैं. इस टी20 विश्व कप में कई रिकॉर्ड टूटते और बनते दिखाई देंगे. भारत की ओर से अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव जैसे विस्फोटक खिलाड़ियों से फैंस को काफी उम्मीदें होंगी. यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जाएगा, जहां पर भारतीय टीम इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कई धुरंधर खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है. यहां पर भारतीय क्रिकेटरों को दबदबा देखने को मिला है. अगर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें, तो भारत के 2 स्टार खिलाड़ियों का नाम लिस्ट में सबसे ऊपर आता है.
विराट कोहली
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं. विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप में कुल 35 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान कोहली के बल्ले से 1,292 रन आए हैं. इसमें 15 अर्धशतक शामिल हैं. टी20 वर्ल्ड कप में कोहली का बैटिंग एवरेज 58.72 का रहा है.
रोहित शर्मा
भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने इस लिस्ट में कोहली के बाद दूसरे नंबर पर आते हैं. रोहित शर्मा ने टी20 विश्व कप में कुल 47 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान रोहित शर्मा ने 1,220 रन बनाए हैं. उनके खाते में 12 फिफ्टी भी शामिल हैं.
महेला जयवर्धने
श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज महेला जयवर्धने टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं. उन्होंने टी20 विश्व कप में कुल 31 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 39.07 की औसत से 1,016 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 6 अर्धशतक और एक शतक भी आया है.
जोस बटलर
इंग्लैंड के सलामी विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर इस लिस्ट में चौथे नंबर पर आते हैं. बटलर ने टी20 विश्व कप के 35 मुकाबलों में 42.20 की औसत से 1,013 रन बनाए हैं. इसमें 5 अर्धशतक और एक शतक शामिल है।
डेविड वॉर्नर
इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर पांचवें नंबर पर आते हैं. वॉर्नर ने टी20 विश्व कप में 41 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 25.89 की औसत से 984 रन आए हैं. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में कुल 8 अर्धशतक लगाए हैं.