20 साल के फिल्मी करियर के बाद बिजनेस लेडी बनने की राह पर तमन्ना भाटिया, लॉन्च की बूटस्ट्रैप्ड फाइन ज्वेलरी लाइन
Tamannah Bhatia: तमिल, तेलुगु और बॉलीवुड में एक्टिंग से अपना नाम कमाने वाली एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया अब बिजनेल लेडी बनने की राह पर हैं. उन्होंने पूरी तरह से बूटस्ट्रैप्ड एक फाइन ज्वेलरी लाइन लॉन्च की है, जिसका फ्लैगशिप स्टोर मुंबई के जुहू में है. तमन्ना हैदराबाद, चेन्नई और नई दिल्ली जैसे शहरों में भी स्टोर खोलने का प्लान बना रही हैं. तमन्ना भाटिया की फाइन ज्वेलरी की कीमत 90,000 रुपये से शुरू होकर 11 लाख रुपये से ज्यादा तक है. हाल ही में तमन्ना ने एक इंटरव्यू में बताया था कि मार्केट में सब कुछ, सोने की कीमतें, प्रोडक्ट की वैल्यू को देखते हुए कीमतें बहुत कॉम्पिटिटिव हैं.
कैसी ज्वेलरी खरीदना पसंद करती हैं तमन्ना
उन्होंने कहा था कि भारत एक वैल्यू-बेस्ड कंज्यूमर है. वे खुद भी ऐसी ही ज्वेलरी खरीदना पसंद करेंगी. एक्टर से एंटरप्रेन्योर बनीं तमन्ना भाटिया ने इंटरव्यू में बताया कि इंडिया में ज्वेलरी खरीदना हमारे कल्चर का हिस्सा है.
इन्वेस्टमेंट और इमोशन है ज्वेलरी
ऐसे में फाइन ज्वेलरी सिर्फ खुद को सजाने के लिए नहीं खरीदी जाती है. ये कुछ हद तक इन्वेस्टमेंट है और कुछ हद तक इमोशन. इसमें बहुत सारे एलिमेंट होते हैं. उन्होंने कहा कि फाइन ज्वेलरी के अपने मालिकों से भी ज्यादा चलने की उम्मीद होती है.
ज्वेलरी किसी को दे सकते हैं
तमन्ना भाटिया ने कहा, 'हो सकता है मैं अपनी ज्वेलरी किसी और को दे दूं लेकिन मैं अपने कपड़े छोड़ दूंगी क्योंकि वे पुराने हो जाएंगे. वहीं फाइन ज्वेलरी असल में आपसे ज्यादा समय तक रहेगी.'
लैब वाले नहीं नेचुरल डायमंड
उन्होंने यह भी दावा किया कि वह अपने ब्रांड के लिए लैब में बने डायमंड के बजाय ज्यादातर नेचुरल डायमंड का इस्तेमाल करती हैं. उन्होंने कहा कि लैब में बने डायमंड के मार्केट में आने के बाद से उनकी कीमत पहले ही 80 फीसदी तक गिर चुकी है.
दस लाख साल से पुराने होते हैं नेचुरल डायमंड
तमन्ना ने कहा कि असल बात ये है कि नेचुरल डायमंड धरती से आते हैं और दस लाख साल से थोड़े ज्यादा पुराने होते हैं, जो उन्हें मजबूती देता है. लैब वाले टेक्नोलॉजी से होते हैं. जैसे-जैसे टेक्नोलॉजी बेहतर होगी, ये निश्चित रूप से बड़े पैमाने पर प्रोड्यूस होगा.
'वेंडिंग मशीन से निकलेंगे डायमंड'
वो दिन दूर नहीं जब लैब में बने डायमंड वेंडिंग मशीन से निकलेंगे इसलिए लग्ज़री और बड़े पैमाने पर एक ही चीज नहीं हो सकतीं. उन्होंने आगे कहा कि बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन से लैब में बने डायमंड की कीमतें कम हो जाएंगी क्योंकि वे इंसानों के बनाए हुए होते हैं.
15 साल की उम्र से इंवेस्ट करती हैं एक्ट्रेस
उन्होंने अपने पुराने समय को याद करते हुए बताया कि 15 साल की उम्र में काम करना शुरू करने के बाद से वह कितना आगे आ गई हैं. उनके माता-पिता ने उन्हें फाइनेंशियली सपोर्ट किया, जो उनके फाइनेंशियल फैसलों में गाइड करते रहते हैं. 18 साल की होने के बाद ही वो फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट हुईं और उन्होंने ज्वेलरी और रियल एस्टेट सहित कई तरीकों से इन्वेस्ट करना शुरू किया.
समय रहते ढूंढें इन्वेस्टमेंट के तरीके
उन्होंने कहा कि एक्टर्स के साथ अक्सर ऐसा होता है कि वे लगातार बहुत सारा पैसा कमा सकते हैं लेकिन अगर आप इसे सही समय पर नहीं बचाते हैं या इसे बढ़ाने के तरीके नहीं ढूंढते हैं, तो आखिर में आपको पता चलता है कि आपके पास ज्यादा कुछ बचा नहीं है.
तमन्ना भाटिया का वर्कफ्रंट
तमन्ना भाटिया के वर्कफ्रंट की बात करें, तो एक्ट्रेस पिछली बार विशाल भारद्वाज की रोमांटिक थ्रिलर ओ रोमियो में नजर आई थीं. अब वे वन – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट में नजर आने वाली हैं.