Today Weather Update: आसमान से आफत! 7 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, दिल्ली-बिहार या यूपी; कहां बरसेगा कहर
Aaj Ka Mausam: पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने के बाद से, देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है. बता दें कि मंगलवार को, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सात राज्यों में आंधी-तूफान, तेज़ हवाओं और ओलावृष्टि के लिए अलर्ट जारी किया. जानकारी के मुताबिक, अप्रैल की ये बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा रही है, जिसके चलते किसानों के लिए एक एडवाइज़री भी जारी की गई है. किसानों को सलाह दी गई है कि, संभावित बारिश और ओलावृष्टि को देखते हुए, वो अपने अनाज और अन्य उपज जो इस समय खलिहानों, कृषि बाज़ारों या अनाज मंडियों में खुले में रखी है उनको भीगने से बचाने के लिए ढक दें. या किसी बंद जगह पर रख दें. चलिए जान लेते हैं आज आपके शहर का मौसम कैसा रहने वाला है.
कई राज्यों में आंधी-तूफान
मौसम विभाग ने UP और बिहार समेत सात राज्यों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है; निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. इस बीच, IMD ने आज पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है. बारिश के साथ-साथ, इन इलाकों में 40 से 50 किमी/घंटा की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं, और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.
दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली-NCR इलाके में आज मौसम के नम रहने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार, 7 और 8 अप्रैल को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तेज़ हवाएं चलेंगी; आसमान बादलों से घिरा रहेगा, और कई जगहों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है. आज, यहां न्यूनतम तापमान 20°C रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 31°C तक पहुंचने की उम्मीद है.
यूपी का मौसम
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि उत्तर प्रदेश के लिए 8 अप्रैल तक भारी बारिश का अलर्ट जारी है. मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, यूपी के कई हिस्सों में 7 और 8 अप्रैल को तेज़ तूफ़ान के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है.
बिहार का मौसम
वहीं बिहार में, 7 अप्रैल के लिए पूरे राज्य में तूफ़ान और बारिश की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुज़फ़्फ़रपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, वैशाली और समस्तीपुर के लिए 'येलो अलर्ट' जारी है.
राजस्थान का मौसम
बता दें कि राजस्थान में भी मौसम की गतिविधियाँ तेज़ होने वाली हैं. जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभागों के कुछ हिस्सों में तेज़ हवाएँ चलने की उम्मीद है. जिनकी गति 50–60 किमी/घंटा तक हो सकती है. इतना ही नहीं यहां ओले गिरने की संभावना है. जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
पहाड़ों का मौसम
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में राज्यों में बारिश या बर्फबारी के साथ-साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज़ हवाएँ (30–50 किमी/घंटा, कभी-कभी 60 किमी/घंटा तक) चल सकती हैं. इसके लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है.