सिर्फ वैभव सूर्यवंशी-आयुष म्हात्रे नहीं, U19 से निकले भारत के 6 युवा धुरंधर, जो टीम इंडिया में बना सकते हैं जगह
India U19 Team: भारत ने छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है. इस बड़े टूर्नामेंट में भारत के कई युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. खासकर 14 साल के बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. वैभव के अलावा अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी जबरदस्त बल्लेबाजी की. वैभव और आयुष के अलावा इस अंडर-19 विश्व कप में अन्य 4 स्टार खिलाड़ी उभरते हुए दिखाई दिखाई, जो आगे चलकर बड़े कारनामे कर सकते हैं. अक्सर अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगे चलकर भारत की सीनियर टीम के लिए खेलते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं भारत की वर्ल्ड चैंपियन अंडर-19 टीम के ऐसे 6 खिलाड़ी, जो भविष्य में टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं.
वैभव सूर्यवंशी
इस लिस्ट में वैभव सूर्यवंशी पहले नंबर पर हैं. 14 साल के स्टार बल्लेबाज ने वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. इस विस्फोटक पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने 15 छक्के लगाए, जिससे इस टूर्नामेंट में उनके 30 सिक्स पूरे हुए. वैभव सूर्यवंशी में IPL में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं. ऐसे में वह जल्द ही भारतीय टीम के लिए डेब्यू कर सकते हैं.
आयुष म्हात्रे
आयुष म्हात्रे ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की कप्तानी करके दिखाया कि उनके अंदर लीडरशिप क्वालिटी भी है. आयुष की कप्तानी में भारतीय टीम छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन बनी है. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ सिर्फ 24 गेंदों पर फिफ्टी लगाकर अपनी शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया था. इसके अलावा आयुष म्हात्रे ने फाइनल मैच में भी अर्धशतक लगाया. बता दें कि आयुष म्हात्रे IPL में CSK के लिए खेलते हैं. आगे चलकर आयुष म्हात्रे को टीम इंडिया में जगह मिल सकती है.
एरॉन जॉर्ज
इस लिस्ट में वैभव सूर्यवंशी के ओपनिंग पार्टनर एरॉन जॉर्ज का नाम भी शामिल है. अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मैच में एरॉन जॉर्ज ने अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार शतक लगाकर भारत को जीत दिलाई थी. 311 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए एरॉन जॉर्ज ने 115 रन की पारी खेली थी. उन्होंने अपनी इस पारी से साबित किया कि आने वाले समय में बड़े खिलाड़ी बन सकते हैं.
हेनिल पटेल
अंडर-19 वर्ल्ड कप से सिर्फ बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि शानदार गेंदबाज भी सामने आया है. तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में तेज गेंदबाजी की कमान संभाला. उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में 7 मैचों में अच्छी इकॉनमी के साथ 11 विकेट चटकाए. अमेरिका के खिलाफ पहले ही मुकाबले में 5 विकेट लेकर अपनी काबिलियत दिखाई थी. वह गेंद को स्विंग कराने के साथ ही पावरप्ले में विकेट चटकाने की क्षमता रखते हैं.
विहान मल्होत्रा
वैभव-आयुष के अलावा भारत के युवा खिलाड़ी विहान मल्होत्रा ने अपनी कंसिस्टेंसी लोगों को काफी प्रभावित किया. उन्होंने सुपर सिक्स में जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार शतक लगाया था. इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में भी नाबाद 38 रनों की पारी खेली थी. विहान मल्होत्रा परिस्थितियों के हिसाब से पिच पर टिककर खेलने की क्षमता रखते हैं.
कनिष्क चौहान
इस विश्व कप के दौरान ऑलराउंडर कनिष्क चौहान ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं. कनिष्क चौहान ने भारतीय अंडर-19 टीम के लिए लोअर ऑर्डर में तेजी से रन बनाए. इसके अलावा गेंद से महत्वपूर्ण विकेट भी चटकाए. पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में कनिष्क चौहान ने 29 गेंदों पर 35 रन बनाए. इसके अलावा 1 विकेट भी लिया, जिसके चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
भारत ने छठी बार जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम ने छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. इससे पहले टीम इंडिया ने 5 बार अंडर-19 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था. भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप की सबसे सफल टीम है, जिसने कुल 6 बार वर्ल्ड कप का खिताब हासिल किया है.