IPL इतिहास में किस बल्लेबाज ने बनाए सबसे ज्यादा रन? टॉप-8 में भारतीयों स्टार्स का दबदबा, यहां देखें लिस्ट
Most Runs In IPL History: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) दुनिया की सबसे बड़ी लीग है. यह लीग साल 2008 में शुरू हुई थी, जिसके अभी तक 18 सीजन खेले जा चुके हैं. इस दौरान कई दिग्गज खिलाड़ियों ने बड़े-बड़े रिकॉर्ड बनाए, जो कई सालों से कायम हैं. इस आईपीएल सीजन में भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक नया इतिहास रचने की दहलीज पर आ चुके हैं. विराट कोहली आईपीएल में 9,000 रनों का आंकड़ा छूने से सिर्फ 339 रन दूर हैं. विराट कोहली के नाम आईपीएल में 8 हजार से ज्यादा रन दर्ज हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि आईपीएल इतिहास में किन बल्लेबाजों ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं? देखें लिस्ट…
विराट कोहली
विराट कोहली ने आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं. कोहली के नाम 259 पारियों में 8,661 रन दर्ज हैं. इस दौरान कोहली के बल्ले से 8 शतक और 63 अर्धशतक आए हैं. IPL 2026 में विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से खेलते दिखाई देंगे.
रोहित शर्मा
स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं. रोहित शर्मा के नाम आईपीएल में 272 मैचों में कुल 7,046 रन दर्ज हैं. इस दौरान रोहित के बल्ले से 2 शतक और 47 अर्धशतक आए हैं. IPL 2026 में रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते नजर आएंगे.
शिखर धवन
भारतीय क्रिकेट के टीम के गब्बर कहे जाने वाले शिखर धवन इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर शामिल हैं. शिखर धवन ने आईपीएल के 221 मैचों में कुल 6,769 रन दर्ज हैं. इसमें 2 शतक और 51 अर्धशतक शामिल हैं. शिखर धवन ने साल 2024 में ही आईपीएल से रिटायरमेंट ले लिया था.
डेविड वॉर्नर
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं. उन्होंने आईपीएल में 184 मैचों में 4 शतक और 62 अर्धशतक की मदद से कुल 6,565 रन बनाए हैं. हालांकि वह आईपीएल 2026 में खेलते नजर नहीं आएंगे.
सुरेश रैना
मिस्टर आईपीएल कहे जाने वाले सुरेश रैना का नाम इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर आता है. सुरेश रैना ने आईपीएल में 205 मैचों में कुल 5,528 रन बनाए हैं. इसमें 1 शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं. हालांकि सुरेश रैना ने साल 2022 में ही क्रिकेट को अलविदा कह दिया था.
एमएस धोनी
इस लिस्ट में भारत के दिग्गज कप्तान एमएस धोनी का नाम भी शामिल है. धोनी ने आईपीएल में 278 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक की मदद से कुल 5,439 रन बनाए हैं. इस साल एमएस धोनी आखिरी बार आईपीएल में खेलते नजर आ सकते हैं. इसके बाद वो क्रिकेट से रिटायरमेंट का एलान कर सकते हैं.
केएल राहुल
स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल का नाम इस लिस्ट में 7वें नंबर पर आता है. केएल राहुल ने आईपीएल में 145 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 5,222 रन बनाए हैं. इस दौरान राहुल के बल्ले से 5 शतक और 40 अर्धशतक आए हैं. केएल राहुल IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे.
एबी डिविलियर्स
RCB के पूर्व स्टार बल्लेबाज एबी डिविलियर्स भी आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप-10 में आते हैं. उन्होंने 184 मैचों में कुल 5,162 रन बनाए हैं. इस दौरान एबी डिविलियर्स के बल्ले से 3 शतक और 40 अर्धशतक आए हैं. एबी डिविलियर्स ने साल 2021 में ही रिटायरमेंट का एलान कर दिया था.