विराट कोहली से लेकर संजू सैमसन तक… भारत के ऐसे ‘धुरंधर’ खिलाड़ी, जो IPL 2026 में करेंगे राज!
IPL 2026 Top Star Players: क्रिकेट का महाकुंभ यानी आईपीएल शुरू होने में सिर्फ कुछ ही दिनों का समय बचा हुआ है. हर साल की तरह इस बार भी 10 टीमें 2 महीने तक खेले जाने वाले टूर्नामेंट में ट्रॉफी के लिए जंग करेंगी. इस लीग में भारतीय टीम के कई दिग्गज खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे, जो अकेले कोई भी मैच जिताने का दम रखते हैं. इसके अलावा विदेशी टीमों के भी कई बड़े खिलाड़ी आईपीएल 2026 में अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं. ऐसे में आइए जानते हैं ऐसे खिलाड़ियों के बारे में जो इस सीजन में शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं. देखें लिस्ट…
विराट कोहली
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार आईपीएल में अपना दबदबा बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे. वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. विराट कोहली ने पिछले साल आरसीबी के साथ पहली बार ट्रॉफी उठाई थी, जिसके लिए वो 18 साल से मेहनत कर रहे थे. इस साल कोहली की टीम डिफेंडिंग चैंपियन बनकर मैदान पर उतरेगी. इससे विराट कोहली पर कोई भी दबाव नहीं रहेगा, जिससे वे खुलकर खेलेंगे. अगर विराट कोहली बिना दबाव के आक्रामक अंदाज में खेलते हैं, तो दूसरी टीमों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन जाएंगे.
संजू सैमसन
भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. इस सीजन में संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में अलग रोल में खेलते दिखाई देंगे. सीएसके की ओर से संजू सैमसन एक खिलाड़ी के तौर पर खेलेंगे, जिससे उनके ऊपर कप्तानी का भी दबाव नहीं रहेगा. ऐसे में संजू सैमसन आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से तहलका मचा सकते हैं. पिछले कुछ दिनों से संजू सैमसन अपने करियर के बेहतरीन फॉर्म से गुजर रहे हैं.
यशस्वी जायसवाल
भारत के बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के लिए आईपीएल 2026 ऐसा मंच होगा, जहां पर वे खुद को एक बार फिर साबित कर सकते हैं. यशस्वी जायसवाल अच्छा प्रदर्शन करने के बाद लंबे समय से भारत की टी20 टीम से दूर चल रहे हैं. ऐसे में आईपीएल 2026 में उन्हें एक ऐसा मंच मिलेगा, जहां पर वे टी20 टीम में वापसी के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं. साथ ही अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भी बड़ा दावा ठोक सकते हैं.
ईशान किशन
भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने पिछले कुछ महीनों में घरेलू क्रिकेट से लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ईशान किशन भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी रहे. आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों के लिए ईशान किशन को सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी भी मिली है. ऐसे में ईशान किशन इस सीजन अपनी आक्रामक बल्लेबाज से अगले साल के वनडे वर्ल्ड कप के लिए दावेदारी पेश करेंगे.
शुभमन गिल
भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल के लिए आईपीएल 2026 टी20 टीम में वापसी करने का जरिया बन सकता है. शुभमन गिल की बल्लेबाजी शैली के चलते उन्हें टी20 वर्ल्ड कप की स्क्वाड से बाहर कर दिया गया था. ऐसे में इस आईपीएल में शुभमन गिल अपने धमाकेदार प्रदर्शन से भारत की टी20 टीम में एंट्री करने का दावा पेश कर सकते हैं. हो सकता है कि इस सीजन शुभमन गिल एक अलग ही अवतार में नजर आएं.
वैभव सूर्यवंशी
14 साल के वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट जगत में सनसनी बनकर उभरे हैं. वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई. पिछले साल वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी को हैरान कर दिया था. अब वह अपने साथ थोड़ा एक्सपीरियंस लेकर आए हैं. ऐसे में इस नए सीजन में वैभव सूर्यवंशी पहले से भी ज्यादा खतरनाक दिखाई दे सकते हैं.
28 मार्च से शुरू होगा आईपीएल
आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच नए सीजन का पहला मुकाबला खेला जाएगा. यह मुकाबला 28 मार्च को बेंगलुरु में होगा. इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा.