संजू, अक्षर या हार्दिक पांड्या… सूर्यकुमार यादव की जगह कौन बनेगा कप्तान, रेस में ये नाम आगे
Team India T20I Captain: भारतीय क्रिकेट टीम ने ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है. भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की. साथ ही भारत तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप जीता. इसी के साथ सूर्यकुमार यादव एमएस धोनी और रोहित शर्मा के एलीट क्लब में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने भारत के लिए कप्तान के तौर पर टी20 वर्ल्ड कप उठाया है. हालांकि इस बीच भारत के नए टी20 कप्तान को लेकर चर्चा शुरू हो गई. टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद किसी नए चेहरे को भारतीय टीम की कमान सौंपी जा सकती है. इस रेस में सबसे आगे अक्षर पटेल का नाम है, जो टी20 में टीम इंडिया के उप-कप्तान भी हैं. अक्षर के अलावा भी कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टीम इंडिया की कप्तानी के दावेदार हैं. इस लिस्ट में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का नाम भी शामिल है, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है. ऐसे में आइए जानते हैं किस खिलाड़ी को कप्तानी मिल सकती है?
सूर्यकुमार यादव कब तक संभालेंगे कमान?
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब हासिल किया. टीम इंडिया के वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद सूर्यकुमार यादव भी कपिल देव, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों की एलीट लिस्ट में शामिल हो गए हैं. हालांकि सूर्यकुमार यादव की उम्र 35 साल से ज्यादा हो गई. ऐसे में टीम मैनेजमेंट भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ी को टीम की कमान सौंपने पर विचार कर सकता है.
सूर्यकुमार यादव लेंगे संन्यास?
टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि वह उनका अगला मिशन ओलंपिक 2028 और उसी साल का टी20 वर्ल्ड कप जीतना है. हालांकि सूर्यकुमार यादव खुद भी चाहेंगे कि वह देश के नए युवाओं का आगे बढ़कर देश के लिए खेलने का मौका दें. ऐसे में हो सकता है कि सूर्यकुमार यादव अगले कुछ समय में रिटायरमेंट का एलान कर दें.
संजू सैमसन कप्तानी के दावेदार
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टी20 टीम की कप्तानी के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भी कहा कि संजू के पास वो एक्सपीरियंस और टैलेंट है, जो एक कप्तान के लिए जरूरी होता है. बता दें कि संजू सैमसन आईपीएल में कई सालों तक राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर चुके हैं.
अक्षर पटेल
स्टार स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने भारत को 2 बार टी20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई है. मौजूदा समय में भी अक्षर पटेल भारतीय टी20 टीम के उप-कप्तान हैं. इसके अलावा अक्षर पटेल आईपीएल में भी दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हैं. ऐसे में अक्षर पटेल को कप्तानी सौंपने पर विचार किया जा सकता है.
हार्दिक पांड्या
2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भारतीय टीम की कप्तानी के सबसे प्रबल दावेदार थे, लेकिन सूर्यकुमार यादव को कप्तानी दे दी गई. हार्दिक पांड्या टी20 इंटरनेशनल में कई मैचों में भारतीय टीम की कमान संभाल चुके हैं. उनके पास कई सालों तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का एक्सपीरियंस भी है. इसके अलावा हार्दिक पांड्या आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हैं. ऐसे में वह हार्दिक पांड्या एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं.
अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा भारत के विस्फोटक सलामी युवा बल्लेबाज हैं. वह आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं. ऐसे में टीम मैनेजमेंट अभिषेक शर्मा को कप्तान के तौर पर तैयार कर सकती है, जो लंबे समय तक इस जिम्मेदारी को संभाल सकते हैं.
शुभमन गिल
भारतीय टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को ऑल फॉर्मेट कप्तान के तौर पर देखा जा रहा था. गिल एशिया कप 2025 में भारत के टी20 टीम के उप-कप्तान थे, लेकिन उनकी खराब फॉर्म और खेलने के अंदाज के कारण टीम से ड्रॉप कर दिया गया. अब शायद है कि शुभमन गिल टी20 टीम में वापसी कर पाएंगे.