कौन हैं नमित मल्होत्रा? जिन्होंने गैरेज से शुरू किया करियर आज 8 ऑस्कर हैं उनके नाम, ‘रामायण’ से चर्चा में निर्माता
Namit Malhotra: नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘रामायण’ का टीजर रिलीज हो चुका है. रणबीर कपूर अभिनीत इस फिल्म की काफी चर्चा है. फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा हैं, जिनके पास आठ ऑस्कर है. वो भी सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं. चलिए जानते हैं नमित मल्होत्रा के बारे में.
कौन हैं नमित मल्होत्रा?
नमित मल्होत्रा, विजुअल और स्पेशल इफेक्ट्स कंपनी प्राइम फोकस लिमिटेड के संस्थापक और गैर-कार्यकारी निदेशक हैं, जिन्होंने 'स्काईफॉल', 'फास्ट एंड फ्यूरियस 6' और 'श्रेक 2' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों पर काम किया है.
गैराज से शुरू किया करियर
फिल्मी परिवार में जन्मे नमित मल्होत्रा फिल्म निर्माता नरेश मल्होत्रा के बेटे और छायाकार एम.एन. मल्होत्रा के पोते हैं. कंप्यूटर ग्राफिक्स में शिक्षा पूरी करने के बाद, नमित ने अपनी पहली कंपनी, वीडियो वर्कशॉप शुरू की. उनके कॉलेज के तीन शिक्षक इसके सह-संस्थापक थे, और एडिटिंग स्टूडियो उनके पिता के गैराज में चलता था.
फिल्म निर्माण के क्षेत्र में रखा कदम
1997 में, नमित मल्होत्रा ने वीडियो वर्कशॉप को अपने पिता के फिल्म निर्माण और किराये के व्यवसाय के साथ मिलाकर प्राइम फोकस की स्थापना की. शुरुआत में, कंपनी ने टीवी शो और फिल्मों के लिए तकनीकी रचनात्मक सेवाएं प्रदान कीं. बाद में 'द हरिकेन हीस्ट' और 'ब्रह्मास्त्र पार्ट वन' के साथ फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा.
नमित मल्होत्रा ने VFX में भी आजमाया हाथ
जुलाई 2014 में, प्राइम फोकस का ब्रिटेन स्थित वीएफएक्स स्टूडियो डबल नेगेटिव के साथ विलय हो गया, जिससे डीएनईजी का गठन हुआ. तब से इस कंपनी ने 'ब्लेड रनर 2049', 'टेनेट' और 'ड्यून' की दोनों फिल्मों के लिए विजुअल इफेक्ट्स प्रदान किए हैं.
जीते 8 ऑस्कर
नमित मल्होत्रा ने अपने काम के लिए आठ अकादमी पुरस्कार जीते हैं. उन्होंने 'आरआरआर', 'मुंज्या' और 'कल्कि 2898 AD' जैसी भारतीय फिल्मों पर भी काम किया है.
'रामायण' फिल्म का शुरू किया निर्माण
नमित मल्होत्रा ने हिंदुस्तान टाइम्स के साथ एक बातचीत में बताया कि उन्होंने 'रामायण' को बड़े पर्दे पर उतारने का विचार 2015 में ही शुरू कर दिया था. लेकिन फिल्म की शूटिंग 2023 में शुरू हुई. फिल्म का बजट 835 करोड़ करोड़ रुपये हैं.
कितनी है संपत्ति?
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 के अनुसार, नमित मल्होत्रा के पास 9,204 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है.
फिल्म के बारे में
'रामायण' दो भागों में बनने वाली फिल्म है, जिसका पहला भाग दिवाली 2026 को और दूसरा भाग अगले साल रिलीज होगा. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण, साई पल्लवी सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में हैं.