प्रेग्नेंसी में मॉर्निंग वॉक जरूरी क्यों? डॉक्टर ने बताए 5 चौंकाने वाले फायदे, सुनेंगी तो आप कर देंगी शुरू
Morning Walk During Pregnancy: प्रेग्नेंसी हर महिला के लिए बेहद सुखद एहसास है. इस दौरान एक मां की यही चाह होती है कि आने वाले नन्हा मेहमान हेल्दी हो. इस समय जितना आप खुद का ख्याल रखेंगे, बच्चा उतना ही हेल्दी रहेगा. क्योंकि, यही वो समय होता है जब शारीरिक और भावनात्मक दोनों तरह से बदलाव होता है. इसके लिए डॉक्टर कई एहतियात बरतने की सलाह देते हैं. मॉर्निंग वॉक इनमें से एक है.
प्रेग्नेंसी में सुबह की सैर क्यों जरूरी
डॉक्टर की मानें तो, प्रेग्नेंसी की चुनौतियों से निपटने का सबसे अच्छा तरीका सुबह के समय ‘पैदल चलना’ है. ये एक्सरसाइज मां और बच्चे दोनों के लिए लाभदायक हो सकता है. अब सवाल है कि आखिर, प्रेग्नेंसी के दौरान डॉक्टर सुबह पैदल चलने की सलाह क्यों देते हैं? सेहत और मॉर्निंग वॉकिंग का संबंध क्या है? इस बारे में एम्स रायबरेली की सीनियर गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. ज्योत्सना देवी-
वजन कंट्रोल रहेगा
गर्भावस्था के दौरान वजन बढ़ना सामान्य सी बात है, क्योंकि जैसे-जैसे बच्चा बढ़ता है शरीर प्रसव के लिए तैयार होता जाता है. दरअसल, अधिक वजन बढ़ने से जेस्टेशनल डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है. इसीलिए गर्भावस्था के दौरान बढ़ते वजन को नियंत्रित करने के लिए पैदल चलना एक सुरक्षित तरीका है.
हार्ट हेल्दी रहेगा
गर्भावस्था के दौरान हृदय प्रणाली पर अधिक दबाव पड़ता है. बता दें कि, हार्ट विकसित हो रहे भ्रूण को रक्त पंप करने के लिए अधिक मेहनत करता है. इसलिए गर्भावस्था के दौरान हृदय संबंधी स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए पैदल चलना एक बेहतर ऑप्शन है. इससे हार्ट को मजबूती और ब्लड सर्कुलेशन में सुधार हो सकता है.
तनाव से मुक्ति
प्रेग्नेंसी के दौरान तनाव को दूर के लिए नियमित सुबह टहलने की आदत डालें. क्योंकि चिंता को कम करने का यह बेहतर ऑप्शन हो सकता है. बता दें कि पैदल चलने से एंडोर्फिन रिलीज होता है, जिसे ‘फील-गुड’ हार्मोन भी कहा जाता है. ये हार्मोन मूड में सुधार कर तनाव को कम करने का काम करता है.
अच्छी नींद दिलाए
प्रेग्नेंसी में अच्छी नींद न आना सामान्य सी बात है. इसकी एक वजह गर्भ में पल रहे बच्चा का मूवमेंट करना भी हो सकती है. यदि आप सुबह पैदल चलेंगी तो नींद की गुणवत्ता में सुधार होगा. बता दें कि, नियमित व्यायाम शरीर की सर्कैडियन रिदम को रेगुलेट करने में मदद करता है, जिससे नींद अच्छी आएगी.
प्रसव में होगी आसानी
गर्भावस्था के दौरान पैदल चलना शरीर को प्रसव के लिए तैयार करने में भी मददगार हो सकता है. यह पैल्विक मांसपेशियों को मजबूत करने में मदद कर सकता है, जिससे प्रसव के दौरान पुश करना आसान हो सकता है.