कार से भी महंगी है एक चुटकी चाय! हथियारबंद जवान करते हैं रखवाली, क्या है इतिहास
World’s Most Costliest Tea: सर्दी का मौसम हो या गर्मियों का, चाय के शौकीनों के लिए हर मौसम में चाय पीना ठीक होता है. भारत के लगभग हर घर में दिन में एक बार चाय तो जरूर ही बनती है. वहीं चाय के शौकीन लोगों को कितनी भी चाय और कभी भी दी जाए, सब ठीक ही होता है. चाय के शौकीन लोग महंगी से महंगी चाय पीना चाहते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में एक चाय ऐसी भी है, जिसकी आधा किलो चाय की कीमत में एक लग्जरी कार आ सकती है. इतनी कीमत में आप बहुत सारा सोना और आलीशान लग्जरी फ्लैट भी खरीद सकते हैं.
नीलामी में खरीदी थी 20 ग्राम चाय
हम बात कर रहे हैं चीन की सबसे महंगी चाय 'दा होंग पाओ' की. इसकी कीमत सोने के मुकाबले 30 गुना ज्यादा है. साल 2002 में चीन में एक आदमी ने 20 ग्राम चाय को नीलामी के दौरान खरीदा था.
एक कप चाय के लिए 10 लाख रुपये
इसे खरीदने के लिए उसने लगभग 1,80,000 युआन यानी भारत के अनुसार, लगभग 18 से 20 लाख रुपये खर्च किए थे. इस चाय की एक प्याली खरीदने के लिए आपको लगभग 10 लाख रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं.
क्यों इतनी महंगी है चाय?
इसकी कीमत के बारे में बात करें, तो ये चाय इतनी महंगी इसलिए है क्योंकि ये काफी कम पाई जाती है. असली दा होंग पाओ चाय चीन के फुजियान प्रांत के वुईशान पहाड़ों में मिलती है. वहां पर कुछ खास पुराने पेड़ हैं, जिनसे वो चाय मिलती है. अब वे पेड़ बहुत कम रह गए हैं.
हथियारबंद जवान करते हैं पेड़ों की रक्षा
ये पेड़ सरकारी संपत्ति में आते हैं और उनकी सुरक्षा के लिए हथियारबंद जवान भी तैनात रहते हैं. इन पेड़ों से साल भर में कुछ सौ ग्राम चाय ही मिलती है. ये चाय अधिकतर चीन के सरकारी अधिकारियों के लिए ही रिजर्व रहती है.
क्या है दा होंग पाओ का अर्थ
मान्यता है कि इस चाय को पीने से कई बीमारियां ठीक हो सकती हैं. इस चाय का नाम है 'दा होंग पाओ', जिसका मतलब होता है 'बड़ा लाल चोगा'. इसकी कहानी चीन के राजा से जुड़ी हुई है.
क्या है कहानी?
लोक कथाओं में कहा जाता है कि पुराने समय में चीन के एक राजा की मां को गंभीर बीमारी थी. उन्होंने इस चाय को पिया, जिसके बाद उनकी बीमारी ठीक हो गई. राजा ने खुशी से उन पेड़ों को अपना लाल शाही चोगा पहना दिया था, जिसके नाम पर इसका नाम पड़ा.