टेंट से लेकर टेस्ट तक… जिस लड़के पास नहीं थी छत, आज वही करता है रिकॉर्ड्स की बारिश; देखें जायसवाल के बड़े कारनामे
Yashasvi Jaiswal Birthday: भारत के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल आज अपना 24वां बर्थडे मना रहे हैं. वह टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज हैं, जो क्रिकेट के मैदान पर नए-नए रिकॉर्ड बनाते हैं. जायसवाल के क्रिकेट का सफर इतना आसान नहीं रहा. एक समय पर यशस्वी जायसवाल को मैदान के बाहर टेंट में रातें गुजारनी पड़ती थीं. इतना ही नहीं, पेट भरने के लिए पानीपुरी भी बेचनी पड़ी. आज वही लड़का क्रिकेट के मैदान पर दुनिया के बड़े-बड़े गेंदबाजों की नीदें उड़ा देता है. यशस्वी जायसवाल के टेंट से टेस्ट क्रिकेट तक की कहानी किसी फिल्म जैसी लगती है, लेकिन यह उनकी हकीकत और संघर्ष को बयां करता है.
बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने क्रिकेट के मैदान पर खुद को साबित करके दिखाया है कि वे सिर्फ तकनीक से नहीं, बल्कि बड़े मौकों पर धैर्य के साथ भी खेल सकते हैं. यशस्वी जायसवाल भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में डेब्यू कर चुके हैं. वह भारत के लिए आने वाले समय के फ्यूचर स्टार हैं, जो आगे चलकर क्रिकेट के मैदान नए कीर्तिमान बनाएंगे. जायसवाल ने बहुत कम उम्र में ही कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. आइए जानते हैं कि जायसवाल के 5 बड़े रिकॉर्ड्स के बारे में…
सबसे तेज आईपीएल फिफ्टी
यशस्वी जायसवाल IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं. उनके नाम IPL में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है. यशस्वी ने साल 2023 के आईपीएल सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ सिर्फ 13 गेंद में 50 रन बना दिए थे. उन्होंने केएल राहुल और पैट कमिंस का रिकॉर्ड तोड़ा था.
सबसे तेज 2000 टेस्ट रन बनाने वाले (बतौर ओपनर)
यशस्वी जायसवाल ने ओपनर के तौर पर भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 2,000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी बनाया है. जायसवाल ने अपनी 40वीं टेस्ट पारी में 2,000 रन पूरे किए हैं. इस दौरान उन्होंने दिग्गज सुनील गावस्कर और गौतम गंभीर जैसे खिलाड़ियों का रिकॉर्ड तोड़ा था. वह भारत की ओर से संयुक्त रूप से सबसे तेज 2,000 टेस्ट रन बनाने वाले वह भारतीय बल्लेबाज भी हैं. उन्होंने वीरेंद्र सहवाग की बराबरी की, जिन्होंने 40 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था.
तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पांचवें युवा बल्लेबाज
यशस्वी जायसवाल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में 116 रन की पारी खेली. यह उनके वनडे करियर का पहला शतक था. इसके साथ ही जायसवाल तीनों फॉर्मेट में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने 23 साल और 343 दिन की उम्र में यह कारनामा किया.
टेस्ट क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक छक्के
यशस्वी जायसवाल के नाम टेस्ट क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का भी रिकॉर्ड है. जायसवाल ने साल 2024 में टेस्ट क्रिकेट में कुल 34 छक्के लगाए. उन्होंने इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज ब्रेंडन मैकुलम का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में 33 छक्के लगाए थे.
एक टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा छक्के
टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज हैं. उन्होंने साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच की एक पारी में 12 छक्के लगाए थे. इसी के साथ ही टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए. जायसवाल से पहले वसीम अकरम ने टेस्ट की एक पारी में 12 छक्के लगाए थे.
एक टेस्ट सीरीज में 2 दोहरा शतक
यशस्वी जायसवाल ने एक टेस्ट सीरीज में दो दोहरा शतक लगाने का भी कारनामा किया है. जायसवाल ने साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में दो दोहरा शतक लगाया था. वह ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं.