इंडिया न्यूज, चंडीगढ़:
हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह ने टोक्यो पैरालंपिक्स में पदक जीतकर भारत लौटे खिलाड़ियों का दिल्ली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया। खिलाड़ियों के सम्मान में खेल राज्य मंत्री आज एयरपोर्ट पर पहुंचे और फूल मालाएं भेंट करके सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया।खेल राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह ने कहा कि पैरालंपिक्स में भाग ले रहे खिलाड़ियों ने तमाम चुनौतियां और बाधाओं को पार करते हुए देश के लिए डबल डिजिट में मेडल लाने के सपने को पूरा किया है। देश के लिए 19 मेडल हासिल करने में हरियाणा के खिलाड़ियों का भरपूर योगदान रहा है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने दो गोल्ड, 2 सिल्वर और दो कांस्य पदक हासिल करके कुल 6 पदक लेकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के दौरान दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत का परिचय देते हुए पूरी दुनिया के सामने देश का परचम लहराया है। उन्होंने शूटिंग इवेंट के हरियाणा से खिलाड़ी स्वर्ण पदक विजेता मनीष नरवाल, रजत पदक सिंहराज, तीरंदाज हरविंदर सिंह, भारतीय शूटर अवनि लेखारा और बैडमिंटन चैंपियन आईएएस अधिकारी सुहास सहित तमाम भारतीय खिलाड़ी और उनके साथ जो दल पहुंचा सभी का अभिनंदन किया। खेल राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पैरा खिलाड़ियों के लौटने के बाद उनके स्वागत को अधिक भव्य बनाया है।