17
नई दिल्ली. अर्जुन तेंदुलकर की शादी 5 मार्च 2026 को होने वाली है, लेकिन इतने खास मौके से ठीक पहले भी उन्होंने मैदान पर उतरकर यह साबित कर दिया कि खेल के प्रति उनका समर्पण सबसे ऊपर है. शादी की तैयारियों के बीच 20वें डीवाई पाटिल टी20 कप में खेलना आसान फैसला नहीं होता, लेकिन अर्जुन ने यह कर दिखाया. उन्होंने तैयारी छोड़कर मैच खेलने का फैसला किया और बेहतर प्रदर्शन भी किया.
सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन ने नवी मुंबई में इंडियन नेवी के खिलाफ डीवाई पाटिल ब्लू टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 55 रन ठोक दिए. उनके कई शॉट्स बेहद आकर्षक और आत्मविश्वास से भरे हुए थे. अर्जुन ने सिर्फ बल्लेबाजी में ही नहीं, बल्कि गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और एक महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया. उनके इस बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब दिया गया.
शादी की तैयारियां शुरू हुई
वहीं दूसरी ओर, शादी के समारोह की तैयारियां जामनगर में शुरू हो चुकी हैं. अंबानी परिवार ने भव्य प्री-विवाह समारोह का आयोजन किया. नीता अंबानी ने तेंदुलकर परिवार के लिए भावुक और स्नेहभरे शब्द कहे. उन्होंने बताया कि उन्होंने अर्जुन को बचपन से बढ़ते हुए देखा है और अब उन्हें जीवन की नई पारी शुरू करते देखकर बेहद खुशी हो रही है. साथ ही उन्होंने अर्जुन और सानिया को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया.
शादी में बड़ी हस्तियां होंगी शामिल
शादी के निमंत्रण देश और दुनिया की कई बड़ी हस्तियों को भेजे गए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांदी के भी इस शुभ अवसर पर शामिल होने की संभावना है. 5 मार्च का दिन इस जोड़ी के लिए जीवन का एक यादगार और ऐतिहासिक पल बनने जा रहा है.