IND vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड मैच के दौरान मैदान पर गरमागरमी देखने को मिली. लाइव मैच में कीवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल और भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) के बीच तीखी बहस हो गई. यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के दौरान 11वें ओवर में घटी. इस ओवर में अर्शदीप सिंह की 5वीं गेंद पर डेरिल मिचेल ने डिफेंसिव शॉट खेला, जिसके बाद गेंद वापस गेंदबाज के पास पहुंच गई. इसके बाद अर्शदीप सिंह ने फॉलो थ्रू में गेंद को सीधे डेरिल मिचेल के एंड पर विकेट को निशाना बनाकर थ्रो किया. डेरिल मिचेल अपने क्रीज से थोड़ बाहर थे, लेकिन अर्शदीप सिंह का निशाना चूक गया और मिचेल को लग गया. इसके चलते मैदान पर माहौल गरमा गया. डेरिल मिचेल ने आपा खो दिया और अर्शदीप सिंह की ओर आक्रामक अंदाज में आगे बढ़े. डेरिल मिचेल ने सीधा अंपायर के पास जाकर अर्शदीप सिंह की शिकायत की.
सूर्यकुमार यादव ने किया बीच बचाव
डेरिल मिचेल ने अंपायर से अर्शदीप सिंह की शिकायत की. इसके बाद भी कीवी बल्लेबाज का गुस्सा थमने का नाम ही नहीं ले रहा था. ऐसे में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को बीच-बचाव करना पड़ा. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने डेरिल मिचेल के कंधे पर हाथ रखकर माहौल को शांत कराया. अंपायर ने भी अर्शदीप सिंह को बात करते समझाया. बता दें कि अर्शदीप सिंह ने जिस गेंद पर थ्रो किया, वहां पर थ्रो जरूरी नहीं था. इसकी वजह से मैदान पर तीखी बहस हुई.
Arshdeep Singh apologising to Darly Mitchell 👌 pic.twitter.com/xa4ArtyGlE
— Johns. (@CricCrazyJohns) March 8, 2026
अर्शदीप सिंह ने मांगी माफी!
बाद में अर्शदीप सिंह ने अपनी गलती मानी. अर्शदीप सिंह सीधे डेरिल मिचेल के पास गए और उनके सामने बात करके गलती स्वीकार किया. दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिलाते दिखाई दिए.
कैसा रहा फाइनल का मैच?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में खेला गया. इस मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हरा दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था. इसके जवाब में कीवी टीम सिर्फ सिर्फ 159 रन पर ढेर हो गई. इसी के साथ भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया.