Auqib Nabi IPL Team: जम्मू-कश्मीर के ‘डेल स्टेन’ कहे जाने वाले आकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने रणजी के इस सीजन में 10 मैचों की 17 पारियों में 60 विकेट हासिल किए हैं. इस दौरान आकिब नबी ने 7 बार 5 विकेट हॉल लिया. इसी के साथ आकिब नबी रणजी ट्रॉफी के इतिहास में तीसरे ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने एक सीजन में 60 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं. कर्नाटक के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी आकिब नबी ने 5 विकेट चटकाए. आकिब नबी की इस जबरदस्त गेंदबाजी के दम पर जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया. पूरे सीजन में शानदार गेंदबाजी करने के लिए आकिब नबी को प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी दिया गया है. अब रणजी ट्रॉफी खत्म होने के बाद आकिब नबी IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) में भी धमाल मचाते नजर आएंगे. ऐसे में आइए जानते हैं कि आकिब नबी किस टीम से खेलेंगे.
किस IPL टीम से खेलेंगे आकिब नबी?
आकिब नबी (Auqib Nabi) ने रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में भी दमदार प्रदर्शन किया था. इसके अलावा पिछले साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी आकिब नबी ने अपनी तेज गेंदबाजी से बल्लेबाजों को खूब परेशान किया था. इसके चलते दिसंबर 2025 में हुए IPL ऑक्शन में आकिब नबी डार पर बड़ी बोली लगाई गई. दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) की टीम ने आकिब नबी को 8.40 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया था. इसका मतलब है कि आकिब नबी IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे. ऐसे में क्रिकेट एक्सपर्ट्स से लेकर फैंस तक हर किसी नजरें आकिब नबी की गेंदबाजी पर होगी कि वे इंटरनेशनल खिलाड़ियों के सामने कैसी गेंदबाजी करते हैं.
J&K’s finest, now ready to wear DC’s pride in 💙❤️
Welcome, Auqib Dar🔥 pic.twitter.com/Y1u6LUYEer
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) December 16, 2025
आकिब नबी का करियर
29 साल के आकिब नबी ने अभी तक कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है. हालांकि पिछले कुछ समय से आकिब नबी का प्रदर्शन शानदार रहा है. इसके चलते भारत के कई पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों ने आकिब नबी को भारत की टेस्ट टीम में शामिल करने की सलाह दी है. वहीं, आकिब नबी के करियर की बात करें, तो उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 41 मैच खेले हैं. इस दौरान 67 पारियों में आकिब नबी ने 156 विकेट चटकाए हैं. आकिब नबी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 16 बार 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है. वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट में आकिब नबी ने 36 मैचों में 56 विकेट चटकाए हैं. इसके अलावा अगर टी20 क्रिकेट की बात करें, तो आकिब नबी ने अभी तक कुल 34 टी20 मैच खेले हैं. इस दौरान आकिब ने 7.74 की इकॉनमी से 43 विकेट अपने नाम किए हैं.