9
नई दिल्ली. काव्या मारन (Kavya Maran) की फ्रेंचाईजी सनराइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) ने इंग्लैंड की क्रिकेट लीग द हंड्रेड 2026 में पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद (Abrar Ahmed) को अपनी टीम में शामिल किया. यह खबर भारत में काफी चर्चा में रही. कई लोग इस पर सवाल कर रहे थे कि क्या BCCI इस पर कोई कदम उठाएगा या नहीं. आइए जानते हैं बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इसपर क्या कहा है.
इस मामले पर BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ़ कहा कि बोर्ड की जिम्मेदारी केवल आईपीएल तक है. उन्होंने कहा, “हमारा काम सिर्फ आईपीएल तक है. हमें यह नहीं देखना कि अन्य लीग में क्या हो रहा है. यह पूरी तरह उस टीम पर निर्भर करता है जिसने भारत के बाहर टीम खरीदी है कि वे कौन सा खिलाड़ी खेलाए. हमें इससे कोई मतलब नहीं है. बस आईपीएल में ऐसा कोई खिलाड़ी नहीं है.”
अबरार को 2 करोड़ से ज्यादा में खरीदा
सनराइजर्स लीड्स, जो सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन की फ्रेंचाइज़ी है. उन्होंने ऑक्शन में अबरार अहमद को 2 करोड़ से भी ज्यादा रुपए में खरीदा. लेकिन इससे भारत के लोग काफी नाराज हैं. हालांकि, राजीव शुक्ला के इस बयान से साफ होता है कि विदेशी लीग में टीम को अपना निर्णय लेने का पूरा हक है. भारत और पाकिस्तान के बीच पुराने विवादों के बावजूद विदेशी लीग में ऐसा करना अब नई बात नहीं है.
भारत में हो सकती है छवि खराब
पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और कई बार तो उन्होंने टीम इंडिया और युद्ध के दौरान भारत के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट भी शेयर किए हैं. इन्हीं सब वजहों से भारतीय फैंस का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है. हालांकि, इतना तो तय है कि अब अगर काव्या मारन ने उन्हें खरीद लिया है तो वह टीम से तो बाहर नहीं होने वाले. लेकिन इसका भारत में उनकी टीम सनराइजर्स हैदराबाद पर बुरा असर पड़ सकता है.