बीसीसीआई ने यह भी निर्देश दिया है कि खिलाड़ी पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन के दौरान ‘फ्लॉपी चप्पल’ और बिना आस्तीन (स्लीवलेस) जर्सी पहनकर न आएं. अगर कोई खिलाड़ी ऐसा करता है, तो पहली बार उसे चेतावनी दी जाएगी और दूसरी बार जुर्माना लगाया जाएगा. इसके अलावा, खिलाड़ियों को ऑरेंज और पर्पल कैप पहनने के लिए भी कहा गया है. जो खिलाड़ी कैप नहीं पहनते, उन्हें कम से कम पहले दो ओवर तक कैप पहनने के लिए कहा गया है, ताकि ब्रॉडकास्ट में यह दिख सके.
पिच को लेकर दी गाइडलाइंस
प्रैक्टिस सत्र को लेकर भी बीसीसीआई ने साफ नियम बनाए हैं. हर टीम को प्रैक्टिस के लिए दो नेट और मुख्य पिच पर एक साइड विकेट दिया जाएगा, जहां खिलाड़ी लंबी हिटिंग की प्रैक्टिस कर सकेंगे. अगर मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीमें एक साथ अभ्यास कर रही हैं, तो उन्हें दो-दो विकेट दिए जाएंगे. अगर कोई टीम पहले अपनी प्रैक्टिस खत्म कर लेती है, तो दूसरी टीम उस विकेट का इस्तेमाल नहीं कर सकती. इसके अलावा, ओपन नेट प्रैक्टिस की अनुमति नहीं होगी.