10
नई दिल्ली. प्रोफेशनल रेसलिंग की दुनिया में कुछ ही नाम ऐसे हैं जिन्हें हमेशा याद किया जाता है, और उनमें से एक हैं ब्रेट हार्ट (Bret Hart) “द हिटमैन” के नाम से मशहूर ब्रेट हार्ट को रेसलिंग इतिहास के सबसे बेहतरीन तकनीकी पहलवानों में गिना जाता है. WWE में उनके शानदार मुकाबले और जबरदस्त इन-रिंग स्किल्स ने उन्हें दुनियाभर में लाखों फैंस दिलाए. ब्रेट हार्ट का जन्म 2 जुलाई 1957 को कनाडा में हुआ था. वह मशहूर हार्ट फैमिली से आते हैं, जिसे रेसलिंग की दुनिया में बेहद सम्मान दिया जाता है.
उनके पिता स्टू हार्ट एक प्रसिद्ध रेसलर, प्रमोटर और ट्रेनर थे. परिवार के माहौल का असर ब्रेट पर भी पड़ा और उन्होंने बहुत कम उम्र में ही रेसलिंग की ट्रेनिंग शुरू कर दी. ब्रेट हार्ट ने अपने करियर की शुरुआत कनाडा के स्टैम्पीड रेसलिंग प्रमोशन से की, लेकिन असली पहचान उन्हें WWE में मिली. 1990 के दशक में वह कंपनी के सबसे बड़े सितारों में से एक बन गए. उन्होंने कई बड़े मुकाबले जीते और कई बार वर्ल्ड चैंपियन बने.
कितनी है नेटवर्थ
ब्रेट हार्ट 5 बार WWE Champion और 2 बार WCW World Champion रह चुके हैं. उनके मुकाबले खासतौर पर Shawn Michaels और Stone Cold Steve Austin जैसे सुपरस्टार्स के साथ काफी यादगार रहे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्रेट हार्ट की कुल संपत्ति लगभग 14 से 20 मिलियन डॉलर के आसपास बताई जाती है. उन्होंने अपने करियर में रेसलिंग मैच, स्पॉन्सरशिप, किताबों और फैन इवेंट्स के जरिए काफी कमाई की है. ब्रेट हार्ट की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही है.
3 शादियां कर चुके है हार्ट
उनकी मौजूदा पत्नी का नाम स्टेफनी वॉशिंगटन है, जिनसे उन्होंने 2010 में शादी की. इससे पहले उनकी शादी जूली हार्ट और बाद में सिंजिया रोटा से हुई थी. भले ही ब्रेट हार्ट अब रिंग में सक्रिय नहीं हैं, लेकिन आज भी उनका नाम रेसलिंग इतिहास के महान सुपरस्टार्स में लिया जाता है. साल 2006 में उन्हें WWE Hall of Fame में शामिल किया गया.