14
नई दिल्ली. एक तरफ भारतीय टीम टी20 विश्व कप 2026 के इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले की तैयारियों में जुटी हुई है, तो दूसरी तरफ टीम के हेड कोच गौतम गंभीर एक खास पारिवारिक समारोह में नजर आए. गंभीर हाल ही में अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चोंक की शादी में शामिल हुए, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. सेमीफाइनल मैच मुंबई में खेला जाना है और गंभीर इस शादी को अटेंड करने के लिए गुजरात के जामनगर पहुंचे.
टीम इंडिया के लिए यह समय बेहद अहम है, क्योंकि सेमीफाइनल मुकाबले में जीत हासिल कर टीम फाइनल में जगह बनाना चाहती है. खिलाड़ी लगातार अभ्यास सत्र में मेहनत कर रहे हैं और पूरे फोकस के साथ बड़े मैच की तैयारी कर रहे हैं. ऐसे माहौल में गंभीर का शादी समारोह में शामिल होना फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया. हालांकि क्रिकेट के व्यस्त शेड्यूल के बीच ऐसे खास मौकों पर पहुंचना भी रिश्तों की अहमियत को दिखाता है.
Coach Gautam Gambhir with his old friends Yuvraj Singh, Ashish Nehra and others at Arjun Tendulkar’s wedding before the semifinal match. pic.twitter.com/yp7kwxSEKH
— B Shivashanth Reddy™ (@SShanthReddy) March 5, 2026
युवराज सिंह भी आए नजर
दरअसल, अर्जुन तेंदलुकर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे हैं और भारतीय क्रिकेट जगत का एक जाना-पहचाना नाम बन चुके हैं. उनकी शादी में क्रिकेट से जुड़ी कई हस्तियां मौजूद थीं. इसी दौरान गंभीर भी वहां पहुंचे और अर्जुन और सानिया को शुभकामनाएं दीं. सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में गंभीर बेहद सहज अंदाज में नजर आए. वायरल हो रहे वीडियो में युवराज सिंह भी नजर आ रहे हैं. साथ ही उनके साथ उनकी वाइफ हेजल कीच भी दिखाईं दीं.
भारत का मैच 7 बजे से
हालांकि इन सबके बीच टीम इंडिया की तैयारियों पर कोई असर नहीं पड़ा है. खिलाड़ी मैदान पर पूरी मेहनत कर रहे हैं और टीम का पूरा ध्यान सेमीफाइनल मुकाबले पर ही है. फैंस को उम्मीद है कि टीम इस अहम मैच में शानदार प्रदर्शन करेगी और फाइनल में पहुंचकर एक और आईसीसी ट्रॉफी जीतने की दिशा में कदम बढ़ाएगी. भारत और इंग्लैंड का सेमीफाइनल मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाएगा.