13
नई दिल्ली. मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर साफ शब्दों में अपनी राय रखी है. उनका कहना है कि अब यह मुकाबला पहले जैसा रोमांच और खुशी नहीं देता. उनके मुताबिक लोग अब इस मैच का आनंद लेने के बजाय इसका “इस्तेमाल” ज्यादा करने लगे हैं.
हाल ही में एक वीडियो में भोगले ने कहा कि पहले जब भारतीय टीम और पाकिस्तान की टीम जब आमने-सामने होते थे, तो फोकस सिर्फ क्रिकेट पर होता था. लोग खिलाड़ियों के खेल, रोमांचक पलों और मुकाबले की टक्कर का इंतजार करते थे. लेकिन अब मैच से पहले और बाद में कई दूसरी बातें ज्यादा चर्चा में रहती हैं.
राजनीति और पैसे का बढ़ता असर
भारत-पाकिस्तान मैच दुनिया के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले क्रिकेट मुकाबलों में से एक है. खासकर टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में इस मैच की टीआरपी बहुत ज्यादा होती है. कंपनियां भारी रकम खर्च कर विज्ञापन देती हैं. भोगले का मानना है कि अब इस मैच के साथ राजनीति और कारोबार भी जुड़ गया है. इससे असली खेल कहीं पीछे छूट जाता है. खिलाड़ियों पर भी जरूरत से ज्यादा दबाव बन जाता है.
सोशल मीडिया पर चर्चा
उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है. कुछ लोग उनकी बात से सहमत हैं और कहते हैं कि मैच को सिर्फ खेल की तरह देखना चाहिए. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यही जोश और तनाव इस मुकाबले को खास बनाता है. कुल मिलाकर, भोगले ने एक अहम सवाल उठाया है. क्या हमें भारत-पाकिस्तान मैच को सिर्फ क्रिकेट की तरह देखना चाहिए?