Harshit Rana Injury: टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय टीम में इंजरी की समस्या बढ़ती जा रही है. वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है. स्टार तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी चोटिल हो गए हैं. बुधवार (4 फरवरी) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में वार्म-अप मैच के दौरान हर्षित राणा चोट लग गई. इसकी वजह से हर्षित मैदान से बाहर चले गए. हालांकि अभी कंफर्म नहीं है कि उनकी चोट कितनी गंभीर है. इसको लेकर अभी तक कोई अपडेट सामने नहीं आया है. राणा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 1 ओवर डाला, जिसमें 16 रन खर्च किए. हर्षित राणा का पहला ओवर पूरा होने के बाद उन्हें लंगड़ाते हुए ग्राउंड से बाहर जाते देखा गया. हाल ही में स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा इंजरी से उबरने के बाद मैदान में वापस आए हैं. वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हुए वाशिंग्टन सुंदर की फिटनेस को लेकर अभी तक कोई अपडेट सामने नहीं आया है. ऐसे में तेज गेंदबाज हर्षित राणा का चोटिल होना भारतीय टीम के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है.
तिलक वर्मा की वापसी
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा पिछले महीने विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान चोटिल हो गए थे. उनकी इमरजेंसी सर्जरी कराई गई थी. इसके चलते तिलक वर्मा को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया था. तिलक वर्मा ने हाल ही में यूएसए के खिलाफ वार्म-अप मैच में वापसी की है. बुधवाव को तिलक वर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी वार्म-अप मुकाबला खेले, जिसमें वे जबरदस्त लय में नजर आए. तिलक वर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म अप मैच में 19 गेंदों पर 45 रन बनाए. इस टी20 वर्ल्ड कप में तिलक वर्मा भारतीय टीम के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं.
कैसा रहा वार्म-अप मैच?
4 फरवरी को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वर्ल्ड कप से पहले वार्म-अप मैच खेला गया. इस प्रैक्टिस मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रनों से हरा दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 240 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया. टीम इंडिया की ओर से ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए. इसके अलावा अक्षर पटेल ने 35, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव ने 30-30 रन बनाए. इसके जवाब में उतरी साउथ अफ्रीका की टीम सिर्फ 210 रन बना पाई. अभिषेक शर्मा इस मुकाबले में बल्लेबाजी से ज्यादा कमाल नहीं कर पाए, लेकिन फिर गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए.
7 फरवरी को वर्ल्ड कप का आगाज
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है. भारतीय टीम 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ अपने विश्व कप के अभियान का आगाज करेगी. इसके बाद 12 फरवरी को नामीबिया से मुकाबला होगा, जिसके बाद पाकिस्तान से मैच खेलने के लिए टीम इंडिया कोलंबो जाएगी. फिर 18 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ भारत का मैच होगा.