14
नई दिल्ली. आईसीसी ने महिला टी20 विश्व कप 2026 (Women’s T20 World Cup 2026) का पूरा शेड्यूल घोषित कर दिया है. यह टूर्नामेंट 12 जून से 5 जुलाई 2026 तक इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा. इस बार कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे यह महिला टी20 विश्व कप का अब तक का सबसे बड़ा सेशन होगा. टूर्नामेंट का पहला मैच 12 जून को खेला जाएगा, जिसमें मेजबान इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम का सामना श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम से होगा. भारतीय टीम और पाकिस्तान की टीम 14 जून को आमने सामने होगी.
फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स में खेला जाएगा. भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ करेगी. यह मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान में खेला जाएगा और इस पर दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजर रहेगी. भारत और पाकिस्तान की राइवलरी का इतिहास पुराना रहा है. इस मुकाबले का पूरी दुनिया बेसब्री से इंतजार करेगी.

भारत के मैच कब कब?
भारत को ग्रुप ए में रखा गया है. इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड की टीमें भी शामिल हैं. भारत अपने अन्य ग्रुप मैच नीदरलैंड (16 जून), दक्षिण अफ्रीका (21 जून), बांग्लादेश (25 जून) और ऑस्ट्रेलिया महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम (28 जून) के खिलाफ खेलेगा. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच लॉर्ड्स में होगा. टूर्नामेंट में दो ग्रुप होंगे और हर ग्रुप से टॉप टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. सेमीफाइनल 30 जून और 2 जुलाई को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 5 जुलाई को होगा.
ग्रुप बी में कौन कौन
महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए यह टूर्नामेंट काफी रोमांचक होने की उम्मीद है. ग्रुप बी की बात करें तो इसमें वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, आयरलैंड और स्कॉलैंड की टीम को रखा गया है. यह टूर्नामेंट 5 जुलाई तक खेला जाएगा. फाइनल और सेमीफाइनल को मिलाकर टूर्नामेंट में कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे. देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम बाजी मारती है.