T20 World Cup 2026: पाकिस्तान सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बॉयकॉट करने का फैसला किया है. पाक सरकार का कहना है कि उनकी टीम टी20 वर्ल्ड कप के सभी मुकाबले खेलेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी. पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला मुकाबला बॉयकॉट करने का एलान किया है. भारत और पाकिस्तान का मैच दुनिया की सबसे बड़ी राइवलरी मानी जाती है. अगर यह मैच नहीं होता है, तो ब्रॉकास्टर को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा. इससे ICC समेत सभी देशों के क्रिकेट बोर्ड को नुकसान होगा. ऐसे में माना जा रहा है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ बड़ा एक्शन ले सकती है. यहां तक कि कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ICC टूर्नामेंट्स से पाकिस्तान को बैन भी किया जा सकता है. हालांकि इस बीच ICC के पूर्व अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की चेयरमैन रह चुके एहसान मणि का बड़ा बयान सामने आया है. उनका कहना है कि शायद ही पाकिस्तान पर कोई बैन लगाया जाएगा. उन्होंने इसकी वजह भी बताई है.
पाकिस्तान पर क्यों नहीं लगेगा बैन?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एहसान मणि ने कहा कि ICC टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच का बॉयकॉट करने के लिए पाकिस्तान को सजा नहीं दे सकती है. एहसान मणि का कहना है कि पाकिस्तान ने यह फैसला अपनी सरकार के आदेश पर लिया है. इसके चलते पाकिस्तान क्रिकेट पर बैन नहीं लगाया जा सकता है. स्पोर्टस्टार से बातचीत करते हुए एहसान मणि ने कहा, अगर पाकिस्तान अपनी सरकार के निर्देशों का पालन करता है, तो उस पर कोई बैन नहीं लगाया जा सकता है.’ ICC के पूर्व अध्यक्ष ने बताया कि इसी आधार पर भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान अपने मैच मेजबान पाकिस्तान में खेलने से मना कर दिया था. ऐसे में ICC दोहरा मापदंड नहीं अपना सकती है. इसका मतलब है कि पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने के बावजूद ICC कोई सख्त एक्शन नहीं ले पाएगा.
क्या सच में एक्शन से बच जाएगा पाकिस्तान?
अगर हम पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच (IND vs PAK) का बॉयकॉट करने के फैसले को चैंपियंस ट्रॉफी से जोड़कर देखें, तो शायद पाकिस्तान सजा से बच नहीं पाएगा. दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान पाकिस्तान मेजबान देश था, जिसके चलते भारत ने पहले ही साफ कर दिया था कि वो पाकिस्तान खेलने नहीं जाएगा. इसके चलते ICC ने भारत और पाकिस्तान का मुकाबला न्यूट्रल वेन्यू पर करवाया. वहीं, इस टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान का मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाने वाला है. पाकिस्तान ने ऐसे समय पर भारत के खिलाफ खेलने से इनकार किया है, जब टूर्नामेंट को शुरू होने में 1 हफ्ते से भी कम समय बचा है. ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन लिया जा सकता है. इस पर आखिरी फैसला ICC द्वारा ही लिया जाएगा.
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, रविवार शाम को पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया के जरिए एलान किया कि उनकी टीम टी20 विश्व कप खेलने के लिए मंजूरी मिल गई है. साथ ही कहा गया कि पाकिस्तान की टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ कोलंबो में होने वाला मैच नहीं खेलेगी. हालांकि पाकिस्तान सरकार ने इसकी कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई, लेकिन लोग इसे बांग्लादेश से जोड़कर देख रहे है. दरअसल, बांग्लादेश ने मांग की थी कि टी20 वर्ल्ड कप में उनके मैच भारत की जगह श्रीलंका में शिफ्ट कराए जाएंगे. यह डिमांड उस समय सामने आई, जब टूर्नामेंट को शुरू होने में लगभग 1 महीने का समय बचा था. ऐसे में ICC ने बांग्लादेश की मांग को खारिज कर दिया. इसके चलते बांग्लादेश ने टी20 विश्व कप का बॉयकॉट करने का फैसला किया. इस दौरान पाकिस्तान ने खुलकर बांग्लादेश का सपोर्ट किया.