24
नई दिल्ली. क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने घोषणा की है कि आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के टिकट अब आधिकारिक रूप से बिक्री के लिए उपलब्ध हैं. यह टिकट बिक्री टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण से पहले शुरू की गई है, जिससे दर्शक स्टेडियम में बैठकर रोमांचक मैचों का आनंद ले सकें. फैंस अधिकारिक वेबसाइट पर जाकर टिकट बुकिंग कर सकते हैं.
जानकारी के अनुसार, टिकट 24 फरवरी को शाम 7 बजे (भारतीय समयानुसार) से ऑनलाइन उपलब्ध कराए गए हैं. फैंस आधिकारिक टिकट पोर्टल tickets.t20worldcup.com. के माध्यम से अपनी सीट बुक कर सकते हैं. सेमीफाइनल मुकाबले 4 और 5 मार्च को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मैच 8 मार्च को आयोजित होगा.
क्वालिफिकेशन के अनुसार पहला सेमीफाइनल परिस्थितियों के अनुसार तय किया जाएगा. यह मुकाबला या तो कोलंबो में खेला जा सकता है या फिर इडेन गार्डन कोलकाता में आयोजित हो सकता है. वहीं दूसरा सेमीफाइनल मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं फाइनल मैच का स्थान इस बात पर निर्भर करेगा कि कौन सी टीमें फाइनल में पहुंचती हैं. यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है तो मुकाबला कोलंबो में होगा, अगर पाकिस्तान फाइनल में नहीं पहुंचता है तो ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
आईसीसी ने घोषणा की है कि यदि किसी टिकट धारक द्वारा चुना गया वेन्यू अंततः उस मैच की मेजबानी नहीं करता है जिसके लिए उन्होंने टिकट खरीदा है, तो उन्हें पूरी राशि वापस कर दी जाएगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेलती है. ग्रुप 1 और ग्रुप 2 दोनों में ही एक से एक धुरंधर टीमें शामिल हैं.