India Super-8 Schedule: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का लीग स्टेज खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है. टूर्नामेंट के अगले राउंड के लिए 7 टीमों ने क्वालीफाई कर लिया है. अब सुपर-8 में सिर्फ एक सीट खाली है, जिसका फैसला आ हो जाएगा. भारतीय टीम लीग स्टेज में अपनी सभी 3 मुकाबले जीतकर सुपर-8 में पहुंच चुकी है. भारत सुपर-8 के ग्रुप-1 का हिस्सा है. इस ग्रुप में भारत के साथ साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे शामिल हैं. मंगलवार (17 फरवरी) को जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड का मुकाबला बारिश से धुल गया. इससे ऑस्ट्रेलिया सुपर-8 की रेस से बाहर हो गई, जबकि जिम्बाब्वे को अगले राउंड का टिकट मिल गया. सुपर-8 के इस ग्रुप का शेड्यूल भी सामने आ गया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि भारत का सुपर-8 में किस टीम के साथ कब मैच खेला जाएगा. देखें पूरा शेड्यूल…
सुपर-8 में टीम इंडिया का शेड्यूल
भारत के सुपर-8 ग्रुप में साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे शामिल हैं. भारतीय टीम सुपर-8 में अपना पहला मुकाबला 22 फरवरी को खेलेगी. यह मुकाबला भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होगा, जो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी. इस मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन और 2024 टी20 वर्ल्ड कप के रनर-अप के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी. पिछले टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया था. अब ये दोनों धुरंधर टीमें सुपर-8 में भिड़ेंगी.
26 फरवरी को जिम्बाब्वे से भिड़ंत
भारतीय टीम (Team India) 26 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में अपना दूसरा मैच खेलेगी. यह मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे के बीच होगा, जो चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी. जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सुपर-8 के लिए क्वालीफाई किया है. ऐसे में भारत के लिए जिम्बाब्वे को हराना आसान नहीं होगा. जिम्बाब्वे की टीम भारत के सामने कड़ी चुनौती पेश करेगी.
1 मार्च को वेस्टइंडीज से होगी टक्कर
1 मार्च को भारत सुपर-8 में अपना तीसरा और आखिरी मैच खेलेगी. इस मुकाबले में भारतीय टीम के सामने वेस्टइंडीज की चुनौती होगी. वेस्टइंडीज की टीम इस समय शानदार फॉर्म में चल रही है. वहीं, भारतीय टीम 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद से ही बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है. ऐसे में भारत और वेस्टइंडीज के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा.
भारत का सुपर-8 शेड्यूल
- 22 फरवरी- भारत बनाम साउथ अफ्रीका, शाम 7 बजे से (अहमदाबाद)
- 26 फरवरी- भारत बनाम जिम्बाब्वे, शाम 7 बजे से (चेन्नई)
- 1 मार्च- भारत बनाम वेस्टइंडीज, शाम 7 बजे (कोलकाता)