भारत और इंग्लैंड के बीच आज गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर खेला जा रहा है. इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है. टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत और इंग्लैंड लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में टकराएंगे। इससे पहले 2022 और 2024 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत-इंग्लैंड आमने-सामने थे. आइये नजर डालते हैं दोनों टीमों की प्लेइंग 11 पर
भारत की प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
इंग्लैंड की प्लेइंग 11
फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद
सूर्यकुमार यादव (भारतीय कप्तान)
टॉस के बाद सूर्या ने कहा ‘सच कहूँ तो हम भी पहले बल्लेबाजी ही करना चाहते थे. सेमीफाइनल जैसा बड़ा मैच है, तो बोर्ड पर रन लगाना हमेशा अच्छा रहता है. मैदान पर हवा भी चल रही है, तो मुझे नहीं लगता कि ओस (dew) कोई समस्या बनेगी. खिलाड़ी मेरी हर उम्मीद पर खरे उतर रहे हैं और टीम का माहौल काफी सकारात्मक है. साउथ अफ्रीका वाले मैच के बाद हमने अपनी कमियों को सुधारा है; हमने साथ बैठकर चर्चा की कि हमें आगे कैसे बढ़ना है और तब से हम बिल्कुल अलग अंदाज़ में क्रिकेट खेल रहे हैं. हम बस उसी लय को बरकरार रखना चाहते हैं. पिच शानदार दिख रही है और इसका श्रेय क्यूरेटर्स को जाता है. उम्मीद है कि आज पूरा स्टेडियम भरा होगा और हम फैंस का भरपूर मनोरंजन करेंगे। हमारी टीम में कोई बदलाव नहीं है.’
हैरी ब्रूक (इंग्लैंड के कप्तान)
टॉस के बाद कप्तान हैरी ब्रुक ने कहा ‘हम आज पहले गेंदबाजी करेंगे। पिच अच्छी दिख रही है और उम्मीद है कि हम गेंद से अच्छी शुरुआत करेंगे और बाद में लक्ष्य का पीछा (chase) करेंगे. माना कि हमने यहाँ मैच खेले हैं, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों को इस मैदान का हमसे कहीं ज्यादा अनुभव है. हमें बस परिस्थितियों को जल्दी समझकर अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा. टी20 क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है, आप कभी नहीं जानते कि क्या होगा. लेकिन इस टूर्नामेंट में हम जिस तरह मुश्किल मैचों से लड़कर यहाँ तक पहुँचे हैं, उम्मीद है कि वो अनुभव आज हमारे काम आएगा. हम इस चुनौती के लिए तैयार हैं. हमें पता है कि आज भारत को जबरदस्त सपोर्ट मिलेगा और हमारी कोशिश भीड़ को शांत रखने की होगी. आज टीम में रेहान अहमद की जगह जेमी ओवरटन आए हैं.’
क्या टॉस आज बड़ा रोल निभाएगा?
कल(4 March) के सेमीफाइनल में हमने देखा कि खेल की दोनों पारियों में परिस्थितियां पूरी तरह बदल गईं. शुरुआत में बल्लेबाजी काफी मुश्किल थी, जो बाद में आसान होती गई. उम्मीद है कि आज टॉस का असर इतना ज्यादा नहीं होगा, और अच्छी बात ये है कि वानखेड़े में इस बार ओस (dew) भी कुछ खास नहीं दिखी है. फिर भी, लक्ष्य का पीछा करना (chasing) ही पहली पसंद है, भले ही इस मैदान के पिछले रिकॉर्ड्स कुछ और ही कहानी कहते हों.
पिच का मिजाज
पिच नंबर 7 बिल्कुल बीच में है, जहाँ बाउंड्री की दूरियां बराबर हैं. पिच काफी सख्त है और उस पर हल्की घास भी छोड़ी गई है, जिसका मतलब है कि गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आएगी और स्ट्रोक खेलना आसान होगा। हालांकि, इतिहास कहता है कि यहाँ टर्न मिलता है, पर आज शायद तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त उछाल और गति मिले.
वेन्यू और आंकड़े
- इंग्लैंड का हाल: इंग्लैंड ने वानखेड़े में इस लीग के दो मैच खेले हैं, जिनमें से उन्हें 1 में जीत और 1 में हार मिली है.
- भारत का रिकॉर्ड: वहीं दूसरी ओर, भारत ने इस मैदान पर अपना इकलौता मैच अमेरिका के खिलाफ खेला था और 29 रनों से शानदार जीत दर्ज की थी.
- आमने-सामने (Head to Head): इस मैदान पर दोनों टीमें बराबरी पर हैं। 2012 में इंग्लैंड ने बाजी मारी थी, तो 2025 में भारत ने हिसाब बराबर कर दिया था.