IND vs NAM Pitch Report: ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम गुरुवार (12 फरवरी) को नामीबिया के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलने के लिए उतरेगी. यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत ने अपने पहले मुकाबले में अमेरिका (USA) को हराकर टूर्नामेंट की शुरुआत की थी. वहीं, नामीबिया की टीम को नीदरलैंड के सामने हार का सामना करना पड़ा था. अब भारत और नामीबिया अपना दूसरा मैच खेलने के लिए तैयार हैं. आंकड़े देखें, तो भारतीय टीम के सामने नामीबिया कहीं नहीं टिकती है, लेकिन क्रिकेट के खेल में कभी भी उलटफेर हो सकता है. भारत को अपने पहले मैच में यूएसए से कड़ी टक्कर मिली थी. इसके अलावा अन्य कई छोटी टीमों ने भी बड़ी टीमों को परेशान किया. ऐसे में माना जा रहा है कि भारत और नामीबिया के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है. जानें इस मैच दिल्ली की पिच का कैसा मिजाज होगा.
दिल्ली की पिच का कैसा मिजाज?
भारत बनाम नामीबिया (IND vs NAM) का मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैदान बल्लेबाजी के लिए अच्छी मानी जाती है. दिल्ली का यह मैदान छोटा है, जिससे बल्लेबाज आसानी से गेंद को बाउंड्री के पार भेज देते हैं. इस पिच पर हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने का मिल सकता है. शुरुआत में नई गेंद से गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है. अगर पिच फ्लैट नहीं होती है, तो मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स का दबदबा देखने को मिल सकता है. इस मैदान पर अभी तक कुल 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 4 जीत मिली है. वहीं, टारगेट चेज करने वाली टीम ने 5 बार मैच अपने नाम किया है. हाल ही में इस मैदान पर नीदरलैंड और नामीबिया के बीच खेला गया था, जिसमें नीदरलैंड से 7 विकेट से जीत हासिल की थी.
दिल्ली में बनेंगे 300 रन?
इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले कहा जा रहा है कि टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार 300 से ज्यादा स्कोर देखने को मिल सकता है. हालांकि अभी तक खेले गए मुकाबलों में कम हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिले हैं. अब उम्मीद लगाई जा रही है कि भारत बनाम नामीबिया के मैच में टीम इंडिया 300 के आंकड़े को छू सकती है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम नामीबिया के खिलाफ कैसा खेलती है.
हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और नामीबिया के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें, तो अभी तक दोनों टीमों के बीच सिर्फ 1 ही टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला गया है. 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में भारत और नामीबिया का मैच हुआ था, जिसमें टीम इंडिया ने 9 विकेट से जीत हासिल की थी. नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 132 रन बनाए थे. इसके जवाब में उतरी भारतीय टीम ने 15.2 ओवर में 9 विकेट खोकर टारगेट चेज कर लिया था.