Ishan Kishan Half Century: श्रीलंका के आर प्रेमदासा स्टेडियम में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान का मुकाबला जारी है. जहां अभिषेक शर्मा भले ही शून्य पर आउट हुए लेकिन ईशान किशन ने शानदार 77 रनों की पारी खेली. ईशान किशन ने 40 गेंदों का सामना करते हुए 77 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. उन्होंने इस पारी में 10 चौके और 3 छक्के लगाए. हालांकि वो शतक लगाने से चूक गए. इससे पहले नामीबिया के खिलाफ ईशान किशन ने 24 गेंदों में 61 रनों की पारी खेली थी.
ईशान किशन ने 190 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि टीम इंडिया ने पारी के पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा का अहम विकेट गंवा दिया था लेकिन इसका ईशान किशन पर कोई असर नहीं पड़ा.
29 गेंदों में पूरा किया अर्धशतक
टीम इंडिया के धमाकेदार ओपनर ने शाहीन अफरीदी के अगले ओवर की पहली ही बॉल पर छक्का जड़ा. इसके बाद किशन यहीं नहीं रुके, उन्होंने सातवें ओवर में अपनी फिफ्टी पूरी की. ईशान किशन इंडिया-पाकिस्तान टी20 इंटरनेशनल में फिफ्टी बनाने वाले तीसरे सबसे तेज बैट्समैन बन गए. उन्होंने युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 29 बॉल में यह कमाल किया था. मोहम्मद हफीज (23 बॉल में फिफ्टी) और अभिषेक शर्मा (24 बॉल में फिफ्टी) इस माइलस्टोन तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे तेज बैट्समैन हैं.
अभिषेक-कुलदीप को प्लेइंग इलेवन में मिला मौका, पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का लिया फैसला
शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ा
ईशान किशन ने पावरप्ले में 42 रन बनाकर शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. असल में किशन इंडिया-पाकिस्तान T20 इंटरनेशनल में पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैट्समैन बन गए हैं. यह रिकॉर्ड पहले गिल के नाम था, जिन्होंने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ 35 रन बनाए थे. ईशान किशन पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में फिफ्टी बनाने वाले दूसरे सबसे तेज बैट्समैन भी बन गए, उनके बाद अभिषेक शर्मा हैं.
गौतम गंभीर को छोड़ा पीछे
अपने 77 रनों की पारी के साथ ईशान किशन ने टीम इंडिया के हेड कोच और पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर को पीछे छोड़ दिया. वह इंडिया-पाकिस्तान टी20 इंटरनेशनल में चौथी सबसे बड़ी इनिंग खेलने वाले बैट्समैन बन गए. गौतम गंभीर की बात करें तो उन्होंने 2007 में 75 रन बनाए थे. विराट कोहली 2022 में नाबाद 82 रन बनाकर इस लिस्ट में सबसे आगे हैं। मोहम्मद रिजवान दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 2021 में इंडिया के खिलाफ 79 रन बनाए थे. इसके अलावा, विराट कोहली तीसरे नंबर पर भी हैं, जिन्होंने 2012 में नाबाद 78 रन बनाए थे.
ईशान किशन के नाम पाकिस्तान के खिलाफ ओपनर के तौर पर सबसे बड़ी इनिंग का रिकॉर्ड भी है. ईशान किशन ने इस मामले में गंभीर का रिकॉर्ड भी तोड़ा. गौतम गंभीर ने पाकिस्तान के खिलाफ ओपनिंग बल्लेबाजी करते हुए 75 रन बनाए थे.