76
नई दिल्ली. भारत ने 15 फरवरी को पाकिस्तान को ग्रुप मैच में 61 रन से हराया लेकिन क्रिकेट फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारत और पाकिस्तान की टीमें टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दोबारा आमने-सामने आ सकती हैं? ग्रुप स्टेज में हाई-वोल्टेज मैच के बाद अब सबकी नजरें आगे के चरणों पर टिकी हुई हैं। टूर्नामेंट के मौजूदा फॉर्मेट को समझें तो यह टक्कर फिर से संभव है, लेकिन इसके लिए कुछ खास शर्तें पूरी होनी जरूरी हैं.
टी20 वर्ल्ड में में ग्रुप स्टेज के बाद सुपर 8 का दौर खेला जाएगा. ग्रुप ए से आगे बढ़ने वाली टीमें अलग-अलग सुपर 8 ग्रुप में बांटी जाती हैं. यदि भारतीय टीम ग्रुप विजेता के रूप में आगे बढ़ती है और पाकिस्तान की टीम दूसरे स्थान पर रहती है, तो दोनों को अलग-अलग ग्रुप में रखा जाएगा. इसी वजह से सुपर 8 में भारत-पाकिस्तान मुकाबला नहीं पाएगा.
सेमीफाइल में बन सकता है रोमांच
टूर्नामेंट का प्री-सीडेड फॉर्मेट यह सुनिश्चित करता है कि एक ही ग्रुप से क्वालीफाई करने वाली दो टीमें सुपर 8 में अलग-अलग ग्रुप में जाएंगे. इसका सीधा मतलब है कि इस स्टेज में दोनों टीमें नहीं भिड़ सकती. लेकिन सेमीफाइनल में इसका रोमांच बन सकता है. अगर दोनों टीमें अपने-अपने सुपर 8 ग्रुप में टॉप दो में जगह बना लेती हैं, तो वे सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. यहां समीकरण ऐसा बन सकता है कि एक ग्रुप की नंबर-1 टीम दूसरे ग्रुप की नंबर-2 टीम से खेले. यदि तालमेल बैठा, तो भारत और पाकिस्तान का मैच सेमीफाइनल में देखने को मिल सकता है.
सुपर 8 में आसानी से पहुंचेगा पाकिस्तान?
पाकिस्तान की टीम अब अपने अगले मुकाबले में नामीबिया से भिड़ेगी. दोनों टीमों के बीच यह मैच 18 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है. अच्छी बात यह है कि इस मैच में जीत ही नहीं, बल्कि अगर मुकाबला बारिश या किसी अन्य कारण से रद्द भी हो जाता है और ‘नो रिजल्ट’ रहता है, तब भी पाकिस्तान सुपर 8 चरण में पहुंच जाएगा. लेकिन अगर पाकिस्तान ये मैच हार जाता है तो यूएसए सुपर 8 के लिए क्वालीफाई कर जाएगा.