26
नई दिल्ली. आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले माहौल और भी गर्म हो गया है. पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने मैच से पहले उम्मीद जताई है कि दोनों टीमें खेल भावना का सम्मान करेंगी. दोनों टीमों के बीच हाथ मिलाने को लेकर चल रही चर्चा ने इस बड़े मुकाबले को और चर्चा में ला दिया है. दोनों टीमें 15 फरवरी को आमने सामने होगी.
मैच से पहले हुई बातचीत में जब आगा से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान और भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिलाएंगे, तो उन्होंने संतुलित जवाब दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि खेल भावना बनी रहेगी, लेकिन इस बारे में उन्होंने साफ तौर पर कुछ नहीं कहा. ध्यान देने वाली बात है कि एशिया कप 2025 के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया था, जिससे काफी विवाद हुआ था. उस घटना के बाद से हर भारत-पाकिस्तान मुकाबले में इस बात पर खास नजर रखी जा रही है.
मैं चाहता हूं अभिषेक जरूर खेले: सलमान
आगा ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि अभिषेक शर्मा कल खेलेंगे. मुझे उम्मीद है कि वह ठीक हो रहे हैं. हम सबसे अच्छे खिलाड़ियों के खिलाफ खेलना चाहते हैं.” बता दें कि अभिषेक की गैरमौजूदगी में, संजू सैमसन ने अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ भारत के लिए पारी की शुरुआत की और 8 गेंदों पर 22 रन बनाए. अगर अभिषेक ठीक नहीं हो पाते हैं, तो केरल के विकेटकीपर-बल्लेबाज के एक बार फिर पारी की शुरुआत करने की संभावना है.
मुकाबले पर टिकी सबकी नजर
हाथ मिलाने को लेकर चर्चा जरूर हो रही है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम और भारतीय टीम दोनों ही मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करने पर ध्यान दे रही हैं. कोलंबो में होने वाला यह मुकाबला दुनियाभर में करोड़ों दर्शकों द्वारा देखा जाएगा. सलमान अली अगा ने साफ कहा कि उनकी टीम का ध्यान सिर्फ अच्छे खेल पर है. अब देखना होगा कि इस बड़े मैच में खेल भावना की मिसाल देखने को मिलती है या नहीं, या फिर सारा ध्यान केवल मुकाबले पर ही रहेगा.