22
Team India T20 Stats in Colombo: श्रीलंका के कोलंबो शहर में स्थित प्रेमदासा स्टेडियम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारतीय टीम के लिए काफी सफल मैदान रहा है. यहां टीम इंडिया ने कई यादगार जीत दर्ज की हैं. आंकड़े बताते हैं कि इस मैदान पर भारत का प्रदर्शन मजबूत रहा है और टीम को यहां खेलने का अच्छा अनुभव है. भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) की टीम 15 फरवरी यानी कल इस मैदान पर आमने सामने होगी.
टी20 में जीत का शानदार आंकड़ा
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत ने इस मैदान पर अब तक 15 मैच खेले हैं. इनमें से 11 मुकाबलों में टीम को जीत मिली है, जबकि 4 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. यह रिकॉर्ड दिखाता है कि कोलंबो की पिच और हालात भारतीय खिलाड़ियों को सूट करते हैं. बल्लेबाजों के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजों ने भी यहां अहम भूमिका निभाई है.
पाकिस्तान के खिलाफ भी मिली है जीत
अगर भारत और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच इस मैदान पर हुए टी20 मैच की बात करें, तो दोनों टीमें यहां सिर्फ एक बार भिड़ी हैं. यह मुकाबला 2012 के टी20 विश्व कप के दौरान खेला गया था. उस मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को हराया था. विराट कोहली उस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे.
आने वाले मैच पर नजर
कोलंबो का यह मैदान बड़े मुकाबलों के लिए जाना जाता है. जब भी यहां भारत का मैच होता है, तो पिछले अच्छे प्रदर्शन से टीम का आत्मविश्वास बढ़ जाता है. अब देखना होगा कि आने वाले मैचों में भी टीम इंडिया इसी तरह अपना दबदबा कायम रख पाती है या नहीं. भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी तो वहीं, पाकिस्तान की कमान सलमान अली आगा संभालेंगे.