IND vs SA T20 WC: टी20 वर्ल्ड कप के तीसरे सुपर 8 मैच में डिफेंडिंग चैंपियन इंडिया को साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रन से करारी हार मिली. टीम टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 12 मैच जीतने के बाद हारी. साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में मिली करारी हार के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम के प्रदर्शन पर ईमानदारी से विश्लेषण किया. सूर्या ने माना कि गेंदबाजी में टीम ने शानदार वापसी की, लेकिन बल्लेबाजी में शुरुआती गलतियां भारी पड़ गईं. सूर्या ने कहा, ‘शुरुआत में जब हमने गेंदबाजी चुनी, तब हम पूरी तरह खेल में बने हुए थे. हमने शुरुआत बहुत अच्छी की थी और उन्हें 21 रन पर 3 विकेट पर रोक दिया था. लेकिन 7वें से 15वें ओवर के बीच उन्होंने (विपक्ष) बेहतरीन बल्लेबाजी की. हालांकि, हमने डेथ ओवर्स में फिर से वापसी की और उन्हें रोकने की कोशिश की.’
लक्ष्य का पीछा करने को लेकर कप्तान निराश दिखे
लक्ष्य का पीछा करने को लेकर कप्तान थोड़े निराश दिखे. उन्होंने कहा, ‘अगर हम पूरे मैच को देखें, तो गेंदबाजी शानदार रही, लेकिन हमें और बेहतर बल्लेबाजी करनी चाहिए थी. मेरा मानना है कि जब आप 180-185 जैसे लक्ष्य का पीछा कर रहे हों, तो आप पावरप्ले में मैच जीत नहीं सकते, लेकिन पावरप्ले में मैच हार जरूर सकते हैं. हमने शुरुआती 6 ओवरों में ही बहुत ज्यादा विकेट गंवा दिए.’ सूर्या ने आगे कहा कि टीम को उन छोटी-छोटी साझेदारियों की जरूरत थी जो बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए जरूरी होती हैं, लेकिन टीम ऐसा करने में नाकाम रही.
बुमराह-अर्शदीप की तारीफ
अपनी गेंदबाजी यूनिट पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा, ‘जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की जोड़ी बेहद घातक है. आज भी दोनों ने मिलकर 8 ओवर फेंके और करीब 5 विकेट लिए। मेरी गणित शायद उतनी अच्छी नहीं है, लेकिन उन्होंने बहुत कम रन देकर अपना काम बखूबी किया. टीम में इन दोनों अनुभवी गेंदबाजों का होना हमारे लिए गर्व की बात है.’
अगले मैच का प्लान
अगले मुकाबले के लिए सूर्या ने साफ कर दिया कि टीम घबराने वाली नहीं है. उन्होंने कहा, ‘हम बैठकर अपनी गलतियों पर बात करेंगे और मजबूती से वापसी करेंगे. अगले मैच में भी हमारा प्लान सिंपल है, अच्छा खेलो और अपनी उसी आक्रामक शैली को बरकरार रखो जिसके लिए हम जाने जाते हैं. कुछ नहीं बदलेगा, बस हम और बेहतर होकर उतरेंगे.’