T20 World Cup IND vs ZIM Match: टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में आज भारत और जिम्बाब्वे का मुकाबला खेला जा रहा है. इस मैच में जिम्बाब्वे ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है. ऐसे में भारत को पहले बल्लेबाजी करनी होगी. भारतीय टीम में दो बदलाव किए गए हैं. वाशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह आज का मैच नहीं खेल रहे हैं. उनकी जगह अक्षर पटेल और संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया है.
टॉस जीतने के बाद जिम्बाब्वे के कप्तान रजा ने कहा कि हम बॉलिंग करने जा रहे हैं. चेन्नई का आम विकेट नहीं है. नमी वाला लग रहा है, सीमर्स को सबसे अच्छा मौका देना चाहते हैं. अगर हम इंडिया को कम टोटल पर रोक पाए, तो बहुत कुछ कर पाएंगे. जितनी गर्मी हम महसूस कर रहे हैं, उतनी ही हमारी विरोधी टीम भी महसूस करेगी. एक बदलाव किया गया है. क्रेमर की जगह टिनोटेंडा मापोसा टीम में आए हैं.
सूर्यकुमार यादव ने क्या कुछ कहा?
वहीं भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हम पहले बैटिंग करना चाह रहे थे. लड़के तैयार हैं. कैंप में माहौल रिलैक्स है. मुझे लगता है कि आज रात हमारा दिन अच्छा रहेगा. चाहे आप जीतें या हारें, आप इससे कुछ सीखते हैं. बस पिछले गेम में जो हुआ उसे भूल जाओ. वैसे ही खेलो जैसे पिछले पूरे साल खेलते आए हो. दो बदलाव किए गए हैं. अक्षर, वॉशिंगटन की जगह आए और सैमसन रिंकू की जगह टीम में आए हैं. संजू कीपिंग करेंगे.
वहीं पीच को लेकर कहा गया है कि यह बैटिंग के लिए बहुत अच्छी रही है और इस वर्ल्ड कप में अब तक सबसे ज्यादा स्कोर करने वाली पिचों में से एक है. यहां जो चीज सच में काम आई है, वह है स्लोअर बॉल. अगर फास्ट बॉलर्स पिच में अच्छी रेव्स देते हैं, तो यह बैटर पर पकड़ बनाती है और रुकती है. स्क्वायर बाउंड्री काफी बड़ी होने के कारण इससे उन्हें काम करने के लिए काफी जगह मिलती है. अगर कोई भी टीम 170 से ऊपर नहीं जाती है, तो मुश्किल होगी.
गौरतलब है कि भारतीय टीम के लिए एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा ये मैच बेहद अहम है. सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना को जिंदा रखने के लिए भारतीय टीम के लिए इस मैच में बड़ी जीत दर्ज करना जरूरी है.
सुपर-8 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से हारी थी भारत
इससे पहले सुपर-8 के पहले मैच में भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. इस हार ने सेमीफाइनल के लिए टीम इंडिया के रास्ते मुश्किल कर दिए हैं. इसलिए अगले स्टेज की पहली शर्त भारतीय टीम के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़ी जीत है.
भारतीय टीम की बल्लेबाजी टूर्नामेंट में चिंता का विषय रही है. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले तिलक वर्मा और मीडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने वाले रिंकू सिंह अब तक अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में भी तीनों फ्लॉप रहे थे.
संजू सैमसन ने खेला है सिर्फ एक मैच
इस विश्व कप में संजू सैमसन ने अब तक सिर्फ एक मैच में खेलने का मौका मिला है. ग्रुप स्टेज में नामीबिया के खिलाफ हुए मैच में संजू ने 8 गेंदों में 22 रन की पारी खेली थी. बता दें कि ग्रुप स्टेज में भारत ने अपने चारों मैचों में जीत हासिल की थी.
भारतीय टीम की प्लेइंग 11: संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
जिम्बाब्वे की प्लेइंग 11: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमानी (विकेट कीपर), डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, टिनोटेंडा मापोसा, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुज़राबानी