11
Team india Next 12 Month Calendar Schedule: हाल ही में मेंस टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम का अगला एक साल बेहद व्यस्त रहने वाला है. टीम को इस दौरान कई देशों के खिलाफ सीरीज खेलनी है और अलग-अलग देशों का दौरा करना है. आइए महीने के हिसाब से टीम इंडिया का संभावित शेड्यूल जानते हैं. यह भी जानेंगे कि टीम इंडिया को किस महीने में किस टीम के साथ खेलना पड़ेगा. आईपीएल 2026 के बाद टीम इंडिया कहां कहां मैच खेलेगी. इस खबर में उसका पूरा शेड्यूल है.
जून 2026: जून में भारत अपने घर में अफगानिस्तान टीम की मेजबानी करेगा. यह सीरीज 6 से 20 जून के बीच खेली जाएगी, जिसमें एक टेस्ट और तीन वनडे मैच शामिल होंगे. इसके बाद महीने के आखिरी सप्ताह में भारतीय टीम आयरलैंड में तीन टी20 मैचों की सीरीज खेल सकती है. इसको लेकर आयरलैंड और बीसीसीआई के बीच बातचीत चल रही है.
जुलाई 2026: जुलाई में टीम इंडिया इंग्लैंड दौरे पर जाएगी. यहां 1 से 19 जुलाई के बीच भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेले जाएंगे. यह दौरा भारतीय टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है.
जुलाई–अगस्त 2026: इंग्लैंड दौरे के बाद भारत श्रीलंका जाएगा. यहां पहले से तय दो टेस्ट मैचों के अलावा तीन टी20 मैच भी जोड़े जा सकते हैं. इन टी20 मुकाबलों को श्रीलंका में बाढ़ राहत के लिए आयोजित करने की योजना है, क्योंकि पिछले साल तूफान से वहां काफी नुकसान हुआ था. इस सीरीज के आयोजन को लेकर श्रीलंका अनुरोध किया है.
सितंबर 2026: सितंबर भारतीय क्रिकेट के लिए सबसे व्यस्त महीनों में से एक हो सकता है. इस दौरान भारत को यूएई में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलने हैं. इसके अलावा बांग्लादेश दौरे पर तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज भी प्रस्तावित है, हालांकि यह सीरीज सरकारी मंजूरी पर निर्भर करेगी. इसी दौरान जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैचों की संभावित सीरीज की भी चर्चा है.
सितंबर–अक्टूबर 2026: इसी समय एशियन गेम्स जापान के नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होंगे. क्रिकेट प्रतियोगिता टी20 फॉर्मेट में खेली जाएगी और भारत मौजूदा गोल्ड मेडल विजेता है. इसी दौरान वेस्टइंडीज भारत का दौरा करेगी और तीन वनडे व पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी.
अक्टूबर–दिसंबर 2026: 18 अक्टूबर से भारत न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगा, जहां न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे, पांच टी20 और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे. यह लंबा दौरा दिसंबर के पहले हफ्ते तक चल सकता है.
फरवरी 2027: न्यूजीलैंड दौरे के बाद भारत अपने घर में श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलेगा. इसके बाद जनवरी–फरवरी 2027 में भारत में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी खेली जाएगी.
मार्च–मई 2027: इसके बाद क्रिकेट फैंस का सबसे बड़ा त्योहार आईपीएल शुरू होगा. आईपीएल का 20वां सीजन मार्च से मई 2027 के बीच आयोजित किया जाएगा. कुल मिलाकर अगले 12 महीने टीम इंडिया के लिए लगातार क्रिकेट और कई बड़े दौरों से भरे रहने वाले हैं.