27
आईपीएल 2026 से पहले गुजरात जायंट्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है. फ्रेंचाइज़ी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज ओपनर मैथ्यू हेडन को टीम का नया बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है. आगामी सीजन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि टीम की बल्लेबाजी इकाई को और मजबूत बनाया जा सके. उन्होंने मैथ्यू वेड की जगह ली है. हेडन अब आशीष नेहरा के साथ काम करेंगे.
मैथ्यू हेडन का नाम ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाजों में लिया जाता है. उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में कई शानदार पारियां खेलीं और टीम की कई बड़ी जीतों में अहम भूमिका निभाई. हेडन ने टेस्ट और वनडे क्रिकेट में कुल मिलाकर 15 हजार से ज्यादा रन बनाए. वह 2003 और 2007 में विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा रहे. उनका अनुभव अब गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है.
इंडियन प्रीमियर लीग में भी हेडन का प्रदर्शन यादगार रहा है. उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए कई शानदार पारियां खेलीं. साल 2009 के आईपीएल सीजन में उन्होंने 572 रन बनाकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया और ऑरेंज कैप जीती. इसके अलावा 2010 में चेन्नई सुपर किंग्स को चैंपियन बनाने में भी उन्होंने अहम योगदान दिया था.
गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलांकी का मानना है कि हेडन जैसे अनुभवी खिलाड़ी का टीम से जुड़ना फ्रेंचाइज़ी के लिए बड़ी बात है. उनके अनुसार हेडन का अनुभव और आक्रामक बल्लेबाजी की समझ टीम के युवा खिलाड़ियों को काफी फायदा पहुंचाएगी. गुजरात टाइटंस पिछले कुछ वर्षों में आईपीएल की मजबूत टीमों में शामिल रही है. ऐसे में फ्रेंचाइज़ी को उम्मीद है कि मैथ्यू हेडन के जुड़ने से टीम की बल्लेबाजी और मजबूत होगी और आईपीएल 2026 में बेहतर प्रदर्शन देखने को मिल सकता है.