8
आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के मेंटर केविन पीटरसन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इस खबर के सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस के बीच काफी चर्चा हो रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक केविन पीटरसन ने समय की कमी की वजह से यह फैसला लिया है. उन्होंने कहा कि मेंटर की जिम्मेदारी निभाने के लिए काफी समय देना पड़ता है, लेकिन फिलहाल वह इतना समय नहीं दे पा रहे हैं. इसी कारण उन्होंने टीम से अलग होने का फैसला किया.
पीटरसन ने सोशल मीडिया पर एक संदेश भी शेयर किया. इसमें उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स और टीम के खिलाड़ियों को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि टीम के साथ काम करना उनके लिए अच्छा अनुभव रहा, लेकिन अभी दूसरी जिम्मेदारियों की वजह से वह यह भूमिका जारी नहीं रख सकते. केविन पीटरसन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान रह चुके हैं और दुनिया के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. वह पहले आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर भी दिल्ली की टीम से खेल चुके हैं.
नया मेंटर ढूंढना चाहेगी दिल्ली
उनके अनुभव को देखते हुए ही फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें मेंटर बनाया था, ताकि वह युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दे सकें. आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन बहुत खास नहीं रहा था. टीम प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी. ऐसे में उम्मीद थी कि अगले सीजन में टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी और मेंटर के रूप में पीटरसन की भूमिका अहम होगी. लेकिन अब उनके पद छोड़ने के बाद टीम को नया मेंटर ढूंढना पड़ सकता है. आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है.
दिल्ली का पहला मैच कब
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 का नया सीजन जल्द शुरू होने वाला है. ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स की कोशिश होगी कि इस बार बेहतर खेल दिखाकर अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीतने का सपना पूरा करे. दिल्ली कैपिटल्स को अपना पहला मैच लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ 1 अप्रैल को खेलना है. यह मैच इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.