9
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (Indian Premier League 2026) से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सबसे महंगे दांव पर सवाल उठने लगे हैं. ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन (Cameron Green) को 25.20 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया गया था, लेकिन हालिया टी20 इंटरनेशनल प्रदर्शन देखकर लग रहा है कि केकेआर ने अपने पैर पर खुद ही कुल्हाड़ी मार ली है.
ग्रीन के पिछले 5 टी20I मुकाबलों पर नजर डालें तो उनकी फॉर्म चिंता बढ़ाने वाली है. टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 22 रन बनाए, आयरलैंड के खिलाफ 21 रन की पारी खेली, लेकिन इसके अलावा जिम्बाब्वे के खिलाफ शून्य, श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 3 रन और ओमान के खिलाफ बल्लेबाजी का मौका भी नहीं मिला. यानी कुल मिलाकर 5 मैचों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. एक ऑलराउंडर होने के बावजूद गेंदबाजी में भी उनका असर उतना अच्छा नहीं दिखा.
मैनेजमेंट की होगी नजर
कोलकाता नाइट राइडर्स ने ग्रीन को एक मैच विनर के तौर पर खरीदा था. उनसे उम्मीद थी कि वह मिडिल ऑर्डर में आकर तेज रन बनाएंगे और जरूरत पड़ने पर विकेट भी निकालेंगे. लेकिन हालिया प्रदर्शन यह दिखाता है कि वह अभी अपनी लय से दूर हैं. खासतौर पर बड़े मौकों पर उनका बल्ला शांत रहना टीम के लिए चिंता का कारण बन सकता है. केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे और टीम मैनेजमेंट की नजर कैमरन ग्रीन पर जरूर होगी.
क्या आईपीएल में फॉर्म हासिल करेंगे?
हालांकि पूरी तस्वीर इतनी खराब भी नहीं है. ग्रीन ने पहले भी अपनी काबिलियत साबित की है और आईपीएल में शानदार पारियां खेल चुके हैं. उनका स्ट्राइक रेट और हिटिंग क्षमता उन्हें एक खतरनाक खिलाड़ी बनाती है. ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि समस्या टैलेंट की नहीं, बल्कि फॉर्म की है. हो सकता है कि आईपीएल 2026 में वह फॉर्म हासिल कर ले. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या KKR का 25 करोड़ का दांव सही साबित होगा?