IND vs USA T20 WC: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने जीत के साथ आगाज़ तो किया, लेकिन प्लेइंग XI के चुनाव ने सबको हैरान कर दिया. सबसे बड़ा सवाल यही रहा संजू सैमसन बाहर क्यों और ईशान किशन क्यों? न्यूजीलैंड सीरीज में सैमसन की नाकामी और ईशान किशन की धमाकेदार वापसी ने समीकरण पूरी तरह बदल दिए. हालांकि, USA के खिलाफ पहले मैच में ईशान भी कोई बड़ा कमाल नहीं दिखा पाए, लेकिन मैनेजमेंट का उन पर भरोसा बरकरार है. ऐसे में क्या संजू सैमसन के लिए वर्ल्ड कप के दरवाजे बंद हो चुके हैं, या यह सिर्फ एक मैच की रणनीति थी? आइए जानते हैं ईशान के चयन के पीछे की असली वजह.
टीम इंडिया ने इस वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम में ओपनिंग रोल के लिए तीन बल्लेबाजों को चुना है. अभिषेक शर्मा की जगह पक्की है, लेकिन दूसरी ओपनिंग जगह के लिए संजू सैमसन और ईशान किशन के बीच मुकाबला है। हालांकि, कुछ दिन पहले तक इस बारे में कोई सवाल नहीं था, क्योंकि सैमसन को इस रोल के लिए सबसे आगे माना जा रहा था. लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज़ में उनकी नाकामी ने ईशान किशन के लिए दरवाज़े खोल दिए, जो टीम में वापसी के बाद से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.
ईशान किशन करेंगे ओपनिंग
अब वर्ल्ड कप में ईशान किशन को इसका फायदा मिलता दिख रहा है. इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टीम इंडिया मैनेजमेंट ने USA के खिलाफ पहले मैच में ईशान किशन को ओपनर बनाने का फैसला किया. यह फैसला ईशान के लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के बाद लिया गया है. करीब सवा दो साल बाद टीम में वापसी करते हुए, ईशान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज़ में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए 103, 76 और 28 रनों की पारियां खेलीं, जबकि सैमसन पूरी सीरीज़ में सिर्फ 45 रन ही बना पाए. तब से, सैमसन के ओपनिंग करने के चांस कम लग रहे हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच में यह काफी हद तक कन्फर्म हो गया. उस मैच में ईशान ने ओपनिंग करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में 53 रन बनाए, जबकि सैमसन को बल्लेबाजी का मौका ही नहीं मिला. इसके अलावा, मैच से एक दिन पहले टीम के प्रैक्टिस सेशन में, जब सभी बल्लेबाजों और यहां तक कि गेंदबाजों ने भी बल्लेबाजी की प्रैक्टिस की, तो सैमसन नेट में एक बार भी बल्लेबाजी करते नहीं दिखे और वही हुआ USA के खिलाफ संजू को प्लेइंग11 में जगह नहीं मिली.
संजू सैमसन का वर्ल्ड कप भविष्य
संजू सैमसन के लिए प्लेइंग XI के रास्ते फिलहाल बंद नजर आ रहे हैं, क्योंकि ईशान किशन का हालिया फॉर्म और तिलक वर्मा की नंबर 3 पर वापसी ने टीम का संतुलन तय कर दिया है. मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें अब किसी खिलाड़ी के चोटिल होने या टीम में बड़े बदलाव की स्थिति में ही मौका मिलने की उम्मीद है. हालांकि, उनका सफर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन उन्हें अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.